MahaShivratri 2023: आज 21 लाख दीपों से जगमग होगा उज्जैन, टूटेगा 'रामनगरी' का रिकॉर्ड
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में 18 फरवरी यानी महाशिवरात्रि पर्व पर उज्जैन शहर में शिव दीपावली के अंतर्गत शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। शिप्रा नदी के घाटों पर 21 लाख दीप जलाकर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा। हालांकि, बीते साल राम की नगरी अयोध्या में 15 लाख 76 हजार दीप एक साथ जलाने का रिकॉर्ड दर्ज हो चुका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाशिवरात्रि पर धर्मनगरी उज्जैन लाखों दीपों से जगमग होगी। यहां पर शिप्रा नदी के तट को दीपों से सजाया गया है। आज यानी 18 फरवरी को महाशिवरात्रि है, इस दौरान धर्मनगरी में शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव का आयोजन होगा। महाकाल की नगरी में शिव दीपावली के अंतर्गत शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव मनाया जाएगा। इस महोत्सव के तहत शिप्रा नदी के घाटों पर 21 लाख दीप जलाकर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा। यह कार्यक्रम भव्य स्तर पर जन भागीदारी से आयोजित किया जा रहा है। शहर का हर एक व्यक्ति इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दे रहा है।
55 हजार लीटर तेल से जलेंगे 21 लाख दीपक...
महाशिवरात्रि पर पिछले साल उज्जैन ने शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव मनाकर प्रदेश सरकार ने नई परंपरा शुरू की थी। शिप्रा घाट पर एक साथ 11 लाख से अधिक दीपक जलाकर विश्व कीर्तिमान बनाया था। इस साल महाशिवरात्रि पर्व पर शहर 21 लाख दीपों को जलाकर नया कीर्तिमान रचेगा। बताया जाता है, शिव ज्योति अर्पणम के लिए 21 लाख नग दीपक जलाए जाएंगे, इसके लिए 55 हजार लीटर तेल की आवश्यकता होगी।
20 हजार वॉलेंटियर्स जुड़े रहे...
स्मार्ट सिटी सीईओ आशीष पाठक ने बताया, इस बार के कार्यक्रम में दीप जलाने के लिए 20 हजार वॉलेंटियर्स जुड़े। वॉलेंटियर्स को पास जारी किए गए हैं। साथ ही पास पर घाट का नाम भी दर्ज किया गया है। इस बार का आयोजन जीरो वेस्ट इवेंट है। हर स्पॉट पर हेल्प डेस्क और मेडिकल टीम मौजूद है। उज्जैन शहर के लिए यह बहुत बड़ा इवेंट है। इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया जाएगा।
…तो टूटेगा अयोध्या का रिकॉर्ड
शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव के तहत शहर में लाखों दीप एक साथ जलाए जाएंगे, जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड भी होगा। अभी तक रामनगरी अयोध्या में एक साथ 15 लाख 76 हजार दीपक जलाए गए थे। ऐसे में उज्जैन में इस बार 21 लाख दीपक जलाए जाएंगे। इससे अयोध्या का रिकॉर्ड टूटेगा और देश में एक साथ लाखों दीप जलाने का नया कीर्तिमान बनेगा। पिछली, महाशिवरात्रि को भी 11 लाख से ज्यादा दीपक जलाकर उज्जैन ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया था।
बीते साल जलाए गए थे 11 लाख 71078 दीपक...
शिप्रा नदी के किनारे पिछले साल महाशिवरात्रि (एक मार्च 2022) पर सूरज ढलते ही एक साथ 11 लाख 71 हजार 78 दीये प्रज्वलित कर कीर्तिमान बनाया था। गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने इसे दीपों का सबसे बड़ा प्रदर्शन (लार्जेस्ट डिस्प्ले आफ आयल लैम्प) करार दिया था। विश्व रिकार्ड बनने का प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदान किया। इसके बाद आतिशबाजी कर शिप्रा आरती की गई थी।
