{"_id":"650f0dd9528dbe806c0527c6","slug":"shivpuri-mla-jaivardhan-says-women-reservation-was-rajiv-gandhi-idea-we-are-happy-that-pm-modi-is-making-it-co-2023-09-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shivpuri: MLA जयवर्धन ने कहा- महिला आरक्षण राजीव गांधी की सोच थी, हम खुश हैं कि PM मोदी इसे साकार कर रहे हैं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shivpuri: MLA जयवर्धन ने कहा- महिला आरक्षण राजीव गांधी की सोच थी, हम खुश हैं कि PM मोदी इसे साकार कर रहे हैं
Sat, 23 Sep 2023 09:40 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी
Published by: अरविंद कुमार
Updated Sat, 23 Sep 2023 09:40 PM IST
सार
शिवपुरी जिले में आए राघोगढ़ विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री जयवर्धन सिंह ने पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा, महिला आरक्षण स्वर्गीय राजीव गांधी की सोच थी। हमें खुशी है कि पीएम नरेंद्र मोदी इसे साकार कर रहे हैं।
विज्ञापन
पूर्व कैबिनेट मंत्री जयवर्धन सिंह
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा, महिला आरक्षण की शुरुआत कांग्रेस ने की थी। यह सोच स्वर्गीय राजीव गांधी की थी, जिन्होंने देश को पंचायती राज दिया, हमें खुशी है कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसे साकार किया है। लेकिन अभी इसे वापस तीन साल के लिए टांग दिया है। राहुल गांधी जी और हम सभी लोग मांग कर रहे हैं कि इसे तत्काल लागू किया जाए। हमें उम्मीद है कि इसे तत्काल लागू किया जाएगा।
विज्ञापन
पत्रकारों द्वारा जब पूर्व मंत्री से पूछा गया कि पिछले दिनों संसद में सोनिया गांधी के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया बैठे थे। क्या वे कांग्रेस में घर वापसी कर रहे हैं। इस सवाल का जवाब देने से जयवर्धन सिंह बचते हुए नजर आए। उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि इस बात का जवाब उन्हीं (ज्योतिरादित्य सिंधिया) से लें। जयवर्धन सिंह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र हैं, जब से ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस को अलविदा कहकर बीजेपी का दामन थामा है, उसके बाद से ही पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र जयवर्धन सिंह शिवपुरी में खासे सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। वे कार्यकर्ताओं और नेताओं के बुलावे पर यहां हर कार्यक्रम में आ रहे हैं और सभाएं भी ले रहे हैं।
विज्ञापन
शनिवार को अल्प प्रवास पर जयवर्धन शिवपुरी आए थे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से टिकट वितरण में कौन की चलेगी। इस पर प्रश्न पत्रकारों ने पूछा तो वह बोले कि वह कांग्रेस के एक कार्यकर्ता हैं भी टिकट नहीं बाटेंगे। टिकट मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी के द्वारा ही बांटे जाएंगे। राघोगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह से पूछा गया कि ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने आपको महाराज कहलवाते हैं और आपको युवराज कहा जाता है। इस सवाल का जवाब देते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में कोई महाराज नहीं होता और न ही कोई युवराज होता। जनता ही महाराज होती है, मैं कांग्रेस का एक कार्यकर्ता हूं।
विज्ञापन
आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की तैयारियों को लेकर पूछ गए सवाल का जवाब देते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि हम शिवपुरी की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेंगे। हमें सरकार बनानी है, जिन्होंने सौदा करके सरकार बनाई थी, उन्हें सबक सिखाना है। आगे बोलते हुए सिंह ने कहा कि इस बार पूरी मेहनत से सरकार बनाएंगे और सीएम कमलनाथ जी होंगे। यहां आपको बता दें कि पूर्व कैबिनेट मंत्री जयवर्धन सिंह शिवपुरी में एक अल्प दौरे पर पोहरी से कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी कैलाश कुशवाह की माता के निधन के बाद शोक संवेदना व्यक्त करने आए हुए थे।
