Shahdol News: राम के नाम की अद्भुत आस्था, साइकिल से अयोध्या जाने को तैयार, 470 किमी का है सफर
Shahdol News: शहडोल के नमन राजपूत ने साइकिल से अयोध्या जाने का संकल्प लिया है। वे 17 जनवरी को अयोध्या के लिए साइकिल से अपनी यात्रा प्रारंभ करेंगे। बता दें कि शहडोल से अयोध्या तक 470 किलोमीटर की दूरी ये रामभक्त महज 3 दिन में पूरी करेगा।
विस्तार
आगामी 22 जनवरी को राम मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोग अपने अलग-अलग अंदाज को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। इन दिनों शहडोल का एक राम भक्त भी अपनी भक्ति और अपने अनूठे अंदाज के लिए सुर्खियों में है। क्योंकि उसने भी राम की भक्ति में लीन होकर शहडोल से अयोध्या तक साइकिल चलाकर जाने की ठानी है। अब उनका यही अंदाज जिले भर के लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। सबसे खास बात ये भी है कि शहडोल से अयोध्या तक 470 किलोमीटर की दूरी ये रामभक्त महज 3 दिन में पूरी करेगा।
भक्त हो तो ऐसा
एसपी बंगले के पीछे रहने वाले नमन राजपूत ने साइकिल से अयोध्या जाने का संकल्प लिया है। वे 17 जनवरी को अयोध्या के लिए साइकिल से अपनी यात्रा प्रारंभ करेंगे। 21 वर्षीय नमन ने बताया कि इस समय पूरे देश में राममय माहौल है। इसी की प्रेरणा से वे साइकिल से अयोध्या जाकर वहां स्थित मंदिर में 11 दीपक प्रज्ज्वलित करना चाहते है। इसके लिए नमन ने 11 मंदिरों से दीपक एकत्र किये हैं। शहडोल से अयोध्या तक 470 की दूरी तय करने के लिए 100 किमी तक साइकिल चलाने की प्रैक्टिस भी कर रहे है। 17 जनवरी को अपनी यात्रा प्रारंभ कर पहले दिन विश्राम रीवा में, दूसरे दिन का विश्राम प्रयागराज में कर तीसरे दिन अयोध्या पहुंचने का लक्ष्य रखा है।
