{"_id":"6a4dcca220e296021f0779a2","slug":"tractor-laden-with-illegal-sand-runs-over-motorcyclist-youth-dies-shahdol-news-c-1-1-noi1220-4478551-2026-07-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shahdol News: ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत; मुआवजे की मांग पर सड़क पर उतरे परिजन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shahdol News: ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत; मुआवजे की मांग पर सड़क पर उतरे परिजन
Wed, 08 Jul 2026 01:00 PM IST
शहडोल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
Published by: शहडोल ब्यूरो
Updated Wed, 08 Jul 2026 01:00 PM IST
सार
शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के पाथेरा मोड़ पर अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार 35 वर्षीय शंकर प्रताप साहू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।
विज्ञापन
खेत में पलटी ट्रैक्टर ट्राली।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के दौरान हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। पाथेरा मोड़ के पास रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया।
विज्ञापन
रेत से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत
हादसा बुधवार सुबह गोहपारू थाना क्षेत्र के पाथेरा मोड़ के पास हुआ। रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में 35 वर्षीय शंकर प्रताप साहू पुत्र मोहन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई।
विज्ञापन
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ट्रैक्टर में लगाई आग
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने उचित मुआवजे और वाहन मालिक को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान नाराज ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र का माहौल और तनावपूर्ण हो गया। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर डटे रहे, जिसके कारण पुलिस काफी देर तक शव को अपने कब्जे में नहीं ले सकी।
विज्ञापन
अवैध रेत परिवहन की आशंका, चालक फरार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में धौनहा नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर उसका परिवहन किया जा रहा था।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया।
खनन माफिया से सांठगांठ के आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन होने के आरोप लगाए। कुछ लोगों ने गोहपारू थाने में पदस्थ एक आरक्षक पर खनन माफिया से सांठगांठ का आरोप भी लगाया। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है।
पुलिस ने जांच शुरू की
थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
