Budhni By-Election: 313 मतदाताओं ने होम वोटिंग का चुना विकल्प, पहले दिन बुजुर्ग-दिव्यांग वोटरों ने किया मतदान
बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए 85 वर्ष और इससे अधिक आयु के बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा दी जा रही है। बुधनी विधानसभा में कुल होम वोटर्स की संख्या 6790 है, जिसमें 313 मतदाताओं ने होम वोटिंग का विकल्प चुना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
होम वोटिंग के पहले दिन बुधनी विधानसभा क्षेत्र के 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान किया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को होम वोटिंग की वैकल्पिक सुविधा का लाभ दिया जा रहा है। बुधनी विधानसभा क्षेत्र के ऐसे 313 मतदाताओं ने इस सुविधा का विकल्प चुना है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह के निर्देशानुसार, मंगलवार 5 नवंबर से होम वोटिंग का कार्य शुरू हो गया है। बुधनी विधानसभा क्षेत्र में घर पर मतदान कराने के लिए 49 मतदान दलों का गठन किया गया है, जो ऐसे मतदाताओं के घर पर पहुंचकर पोलिंग बूथ बनाकर मतदान करवा रहे हैं। होम वोटिंग के लिए 49 सेक्टर अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है, इसके अलावा 6 मतदान दल रिजर्व में रहेंगे।
प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी, एक सहायक, एक एमओ, एक पुलिसकर्मी, एक वीडियोग्राफर, और एक सेक्टर ऑफिसर शामिल हैं।
होम वोटिंग का विकल्प चुनने वाले मतदाता
बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए 85 वर्ष और इससे अधिक आयु के बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा दी जा रही है। बुधनी विधानसभा में कुल होम वोटर्स की संख्या 6790 है, जिसमें 85 वर्ष से अधिक आयु के 1874 मतदाता और 4916 दिव्यांग मतदाता हैं। इनमें से कुल 313 मतदाताओं ने होम वोटिंग का विकल्प चुना है। इनमें 208 मतदाता 85 वर्ष और उससे अधिक आयु के हैं, जबकि 105 दिव्यांग मतदाता हैं।
