Satna News: जनपद सीईओ ने महिला सरपंच को फोन पर धमकाया, सीएम हेल्पलाइन में की गई शिकायत वापस लेने बनाया दबाव
सतना में जनपद पंचायत के सीईओ द्वारा महिला सरपंच को धमकाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला सरपंच ने सचिव की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में की थी, जिसे बंद कराने के लिए उसे सीईओ ने फोन कर धमकाया।
विस्तार
सतना जिले में जनपद पंचायत के सीईओ द्वारा दलित महिला सरपंच को धमकाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला सरपंच ने सीएम हेल्पलाइन में सचिव की शिकायत की थी, जिसे बंद करवाने के लिए जनपद पंचायत सीईओ ने उस पर दवाब बनाया और शिकायत बंद न कराने पर पद से हटाए जाने की धमकी दे डाली।
जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत मझगवां की ग्राम पंचायत झोंटा की महिला सरपंच दीक्षा दाहिया को जनपद पंचायत के सीईओ सुलभ सिंह ने फोन पर धारा 40 की कार्रवाई कर पदच्युत कर देने की धमकी दी है। सीईओ की इस धमकी भरी कॉल का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। फोन पर सीईओ सुलभ सिंह महिला सरपंच दीक्षा दाहिया को साफ तौर पर यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि अगर आधा घंटे के अंदर सरपंच ने सीएम हेल्प लाइन में दर्ज शिकायत वापस न ली तो वे धारा 40 की कार्रवाई कर देंगे।
सीईओ ने कहा कि उन्होंने सचिव लालजी लाल जी मिश्रा को कह दिया है वो भुगतान का मामला सुलझा देंगे। लेकिन पहले सीएम हेल्पलाइन की शिकायत वापस लेनी होगी। हालांकि सीईओ की इस धमकी से महिला सरपंच डरी नहीं और उन्होंने पंचायत सचिव लाल जी लाल जी मिश्रा की मनमानी और अभद्रता से संबंधित शिकायत वापस नहीं ली।
इस मामले में ग्राम पंचायत झोंटा की सरपंच दीक्षा दाहिया का कहना है कि सचिव लाल जी मिश्रा उनके साथ बेहद अभद्र और अमर्यादितता व्यवहार करते हैं। एक जनप्रतिनिधि होने के बावजूद वह अपमान करते हैं। पिछले लगभग ढाई महीने में पंचायत में जितने भी काम हुए हैं। उनमें से किसी के भी भुगतान की प्रक्रिया बार-बार कहने के बावजूद सचिव ने शुरू नहीं कराई। वह पंचायत में हफ्ते में सिर्फ एक ही दिन आते हैं। सीईओ जनपद पंचायत मझगवां से भी दर्जनों बार शिकायत की गई, समस्या बताई गई लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने पर पहले जनपद से एपीओ ने फोन पर धमकाया और फिर सीईओ साहब ने भी धारा 40 की धमकी दी है।
