{"_id":"654cd77099b771fd5e040653","slug":"mp-election-2023-priyanka-gandhi-lashes-out-at-pm-modi-and-shivraj-singh-chouhan-in-mp-2023-11-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP Election 2023: प्रियंका का शिवराज पर हमला, बोलीं- रिश्ता निभाने से ही बनता है, वरना मामा तो कंस भी था","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP Election 2023: प्रियंका का शिवराज पर हमला, बोलीं- रिश्ता निभाने से ही बनता है, वरना मामा तो कंस भी था
Thu, 09 Nov 2023 06:28 PM IST
रवींद्र भजनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रीवा/सतना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रीवा/सतना
Published by: रवींद्र भजनी
Updated Thu, 09 Nov 2023 06:28 PM IST
सार
MP Election 2023: कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को रीवा और सतना जिले के चित्रकूट में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 18 साल में 22 हजार घोषणाएं की। इनमें से 22 भी पूरी नहीं की होंगी।
विज्ञापन
प्रियंका गांधी ने रीवा और सतना में चुनावी रैलियों को संबोधित किया।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि विंध्य और मप्र की जनता भाजपा के कुशासन से ऊब चुकी है। जनता ने मन में ठाना है कि इस बार मामा को हटाना है। सिर्फ कह देने से कोई मामा नहीं हो जाता। रिश्ता तो निभाने से ही बनता है, वरना मामा तो कंस भी था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांतों को याद करते हुए प्रियंका ने कहा कि महात्मा गांधी को जब गोली लगी तो उनके मुंह से हे राम निकला, कांग्रेस उन्हीं महात्मा गांधी के उसूलों पर चलती है।
विज्ञापन
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनजर रीवा और सतना जिले के चित्रकूट में प्रियंका गांधी ने चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की हैं। 18 साल में इन्होंने 22 घोषणाएं भी पूरी नहीं की है। 18 सालों से ये लोग सत्ता में हैं। इन्हें चुनाव के दो महीने पहले लाड़ली बहना याद आ गई। क्या चुनाव से पहले बहनों को समस्या नहीं थी? क्या चुनाव से पहले महिलाओं के जीवन में कठिनाइयां नहीं थी, महंगाई नहीं थी?
विज्ञापन
कर्नाटक की तर्ज पर देंगे महिला सम्मान राशि
प्रियंका ने कहा कि हम लाड़ली बहना योजना से ज्यादा महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने का काम करेंगे। हम कर्नाटक में महिलाओं को सम्मान राशि पहले से दे रहे हैं। हम किसानों की धान 2500 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर खरीदेंगे। किसानों का कर्ज माफ करेंगे। पिछले चुनाव में जब आपने कांग्रेस की सरकार को चुना था तो 15 महीने में हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था। हमारी सरकार आने पर हम पुरानी पेंशन लागू करने का काम करेंगे, क्योंकि हिमाचल, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार पुरानी पेंशन लागू कर चुकी है। जब सरकार थी तो कांग्रेस ने सरकारी नौकरियां देने का काम किया, लेकिन भाजपा सरकार जब से देश और प्रदेश में बनी है तो सभी सरकारी कंपनियों को, फैक्ट्रियों को बेचने का काम किया जा रहा है। इससे लोगों को सरकारी नौकरी नहीं मिल पा रही है।
विज्ञापन
हमने बढ़ाया था ओबीसी आरक्षण
प्रियंका ने कहा कि जब हमारी सरकार 15 महीने थी तो हमने ओबीसी आरक्षण को 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया था। इस बार सरकार आने पर हम फिर से उसे लागू करेंगे। प्रियंका ने कहा कि भाजपा के मन में एक बात बैठ चुकी है कि हमें काम करने की जरूरत नहीं है। हम चुनाव के समय बड़ी-बड़ी घोषणाएं करेंगे। मीडिया का उपयोग करेंगे। धर्म की बात करेंगे। जाति की बात करेंगे। इसी आधार पर वोट मिल जाएगा। हम सत्ता में फिर आ जाएंगे। आज मध्य प्रदेश में लाखों सरकारी पद खाली है और एक करोड़ नौजवान बेरोजगार हैं। सरकार युवाओं को नौकरी देने के लिए तैयार नहीं है। कांग्रेस का आपसे वादा है कि दो लाख सरकारी पदों को भरने का काम हमारी सरकार करने वाली है। सरकारी भर्तियों के फार्म को निशुल्क किया जाएगा। हम 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख का दुर्घटना बीमा देने वाले हैं। यह काम हमारी सरकार राजस्थान में बहुत ही मजबूती से कर रही है।
भाजपा नेता खुद को भगवान मानते हैं
प्रियंका ने कहा कि मुझे पता है कि चित्रकूट के हालात क्या है। यह क्षेत्र बहुत ही गरीब और कुपोषित है। भाजपा के 18 साल के राज में किसान रात को सो नहीं पा रहा है और दिन में अपने खाद और बीज के लिए भटकते हैं। भाजपा की सरकार किसानों के कर्ज माफ नहीं करती है। बड़े-बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ करती है। जनता पहले नेताओं को डांटती थी उन्हें भगवान नहीं बनाती थी, लेकिन आज भाजपा के नेता अपने आपको भगवान मानने लगे हैं। चित्रकूट में पानी की समस्या बहुत पुरानी है। 18 साल की सरकार ने अभी तक इस समस्या को दूर नहीं किया है। जब जनता कहती है कि हम परेशान है, किसान कहता है उसे खाद और बीज नहीं मिल रहा है तो शिवराज सिंह चौहान कहते हैं घबराओ नहीं हम मामा हैं। लोग समस्याएं बताते हैं तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कहते हैं कि मैं प्रदेश के लोगों का मामा हूं। आज किसान कर्ज में डूबा हुआ है खाद-बीज, ट्रैक्टर सब कुछ महंगा है, डीजल महंगा है। किसानों के लिए सिंचाई और बिजली की मुश्किलें हैं तो मैं आपसे पूछती हूं मामा जी आप सभी के लिए कर क्या रहे हैं?
रीवा में बोलीं - छत्तीसगढ़ जैसी योजना लाएंगे
रीवा में प्रियंका गांधी ने गांधी परिवार से शहर के रिश्तों का जिक्र किया। यह भी बताया कि नेहरू जी अक्सर चचाई जल प्रपात घूमने आते थे। हमारी दादी इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने रीवा के कई दौरे किए। अब इस चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनाकर इस रिश्ते को मजबूत बना दीजिए। प्रियंका ने कहा कि नई संसद का निर्माण मोदी जी ने कराया। उस वक्त फिजूल खर्ची की कोई जरूरत थी ही नहीं। उन्होंने अदानी और अंबानी को लेकर भी पीएम को जमकर घेरा।
