Rewa News: उधारी के विवाद ने ली जान! 9वीं की छात्रा की निर्मम हत्या, आरोपी युवक ने की आत्महत्या
रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र के बेला गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव की 14 साल की एक नाबालिग छात्रा की हत्या कर दी गई। आरोपी युवक ने उसे खलबट्टे के मूसल से पीट-पीटकर मार डाला और फिर खुद भी गांव के पास एक पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी।
विस्तार

जानकारी के मुताबिक मृतक लड़की का नाम बूटी वर्मा था, जो 9वीं कक्षा की छात्रा थी। उसका घर आरोपी छोटेलाल कोल के घर के सामने था और दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस अधिकारी एसडीओपी उमेश प्रजापति ने बताया कि आरोपी घटना की रात लड़की के घर खाना खाने भी गया था।
घटना के समय लड़की के दादा श्यामलाल वर्मा घर पर थे। जब वह पानी भरने बाहर गए और लौटे, तो देखा कि छोटेलाल उनकी पोती पर हमला कर रहा है। बूटी के सिर और कान से खून निकल रहा था। दादा ने रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उन्हें धक्का देकर भाग गया।
यह भी पढ़ें: भोपाल मेट्रो ट्रायल 90 किमी/घंटा की रफ्तार से, सितंबर से शुरू होगी कमर्शियल सेवा, जानें क्या है खास?
कुछ देर बाद गांव वालों को पता चला कि छोटेलाल ने गांव के पास एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने लड़की के घर से कोई सामान उधार मांगा था और इसी बात पर विवाद हुआ, जिससे गुस्से में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना से पूरे गांव में शोक और सदमे का माहौल है।