Neemuch: शराब कारोबारी पर हमला मामले में छोटा भाई भी गिरफ्तार, बाबू सिंधी के साथ मिलकर रची थी हत्या की साजिश
शराब कारोबारी पर हमले के मामले में छोटा भाई भी गिरफ्तार हुआ है। बाबू सिंधी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। दोनों भाइयों के बीच प्रॉपर्टी विवाद साजिश की वजह बनी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नीमच के शराब कारोबारी अशोक अरोरा पर हुए जानलेवा हमले के मास्टरमाइंड बाबू सिंधी की गिरफ्तारी के बाद अब और भी परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस ने मामले में अशोक अरोरा के छोटे भाई राकेश अरोरा को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि अशोक अरोरा पर हमला करवाने में राकेश अरोरा भी शामिल था। पुलिस ने राकेश अरोरा पर धारा-307 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
नीमच में गत रविवार को शहर के लॉयन पार्क के सामने हुए अशोक अरोरा पर जानलेवा हमले के मामले में गुरुवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी बाबू सिंधी उर्फ जयकुमार सबनानी को चिताखेड़ा जंगल से गिरफ्तार किया था, जिसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने बाबू सिंधी को 12 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर सौंपा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी बाबू सिंधी ने अशोक अरोरा पर हुए जानलेवा हमले में उनके सगे भाई राकेश अरोरा के शामिल होने की बात भी कबूल की। इस पर पुलिस ने आज राकेश अरोरा को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी राकेश अरोरा से पूछताछ की तो उसने षड्यंत्र में शामिल होना स्वीकार किया। इस पर पुलिस ने राकेश अरोरा के खिलाफ धारा-307 तथा 120 बी में मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि शराब कारोबारी अशोक अरोरा और उनके भाई राकेश अरोरा के बीच लंबे समय से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों के बीच तकरार बढ़ती जा रही थी। यही कारण है की राकेश अरोरा ने बाबू सिंधी के साथ मिलकर अपने ही भाई की हत्या की साजिश रची।
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने अब तक तीसरी गिरफ्तारी की है। जबकि अभी भी दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है। एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि अशोक अरोड़ा पर हमले के मामले में राकेश अरोड़ा को गिरफ्तार किया गया है। बाबू सिंधी से पूछताछ में उसके बयान और तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन के आधार पर राकेश को हिरासत में लिया। इसके बाद पूछताछ की गई तो उसने बाबू सिंधी से मिलकर षड्यंत्र में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
शराब कारोबारी पर हमले का मास्टरमाइंड बाबू सिंधी का करोड़ों का फॉर्म हाउस जमींदोज
नीमच में शराब कारोबारी अशोक अरोरा पर हुए हमले और शहर की शांत फिजा को खराब करने के मामले में मुख्य आरोपी बाबू सिंधी की गिरफ्तारी के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। आज नीमच जिला प्रशासन ने तस्कर बाबू सिंधी के बायपास पर बने फॉर्म हाउस पर कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया।
शराब कारोबारी अशोक अरोरा पर हमले के मामले में बाबू सिंधी की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार शाम को उज्जैन रेंज आईजी संतोष कुमार सिंह नीमच पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। आशंका जताई जा रही है कि बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि आरोपी बाबू सिंधी की अवैध संपत्ति की जांच कर उसके अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई की जाए।
बताया जा रहा है कि तस्करी के पैसों से खड़े किए गए इस फॉर्म हाउस में बाबू सिंधी ने सभी तरह के ऐशो आराम की सभी सुख-सुविधाएं जुटा रखी थी। बाबू सिंधी इस फॉर्म हाउस का उपयोग अवैध गतिविधियों के संचालन और अपनी अय्याशी तथा पार्टियों के लिए करता था। फॉर्म हाउस में स्विमिंग पूल और कृत्रिम झरने भी बनाए गए थे। यहां हाईटेक म्यूजिक सिस्टम के साथ लग्जरी रूम जिनमें सोफे और लग्जरी बेड लगाए गए थे। बाबू सिंधी ने अपने रसूख के चलते बगैर परमिशन के ही यह करोड़ों रुपये का फार्म हाउस बनवाया था। परमिशन नहीं होने के चलते ही नीमच जिला प्रशासन ने फॉर्म हाउस को जेसीबी की मदद से गिराने की कार्रवाई की है।
सूत्रों की माने तो इसी फॉर्म हाउस में बाबू सिंधी ने शराब कारोबारी अशोक अरोरा की हत्या की साजिश रची थी। यहां बाहर से बुलाए गए चारों शूटर के साथ बाबू ने मीटिंग कर पार्टी की थी। नीमच एसडीएम ममता खेड़े ने बताया कि इस फॉर्म हाउस का बिना अनुमति के निर्माण किया गया था। एसपी को एक प्रतिवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें इस जगह को अपराधियों की शरण स्थली के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। फॉर्म हाउस में छोटा स्विमिंग पूल व अंदर कई कमरे बनाए गए हैं, जो पार्टी और रुकने के हिसाब से बने हुए हैं और अवैध निर्माण को जांच चल रही है। जैसे-जैसे जांच में अवैध निर्माण सामने आते जाएंगे, वैसे-वैसे आगे कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान नीमच एसडीम ममता खेड़े, सीएसपी अभिषेक रंजन, तहसीलदार संजीव मालवीय, प्रेम शंकर पटेल, कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, धर्मेंद्र गौड़ सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
