मध्य प्रदेश विधानसभा की उपाध्यक्ष हिना कांवरे से नक्सलियों ने मांगी फिरौती, हत्या की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्य प्रदेश विधानसभा की उपाध्यक्ष हिना कांवरे से नक्सलियों ने फिरौती मांगी है। हिना कांवरे ने कहा कि नक्सलियों ने 14 जनवरी तक 20 लाख नहीं दिए जाने पर हत्या करने की धमकी दी है। नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में सोमवार तड़के अपने काफिले में शामिल तीन सुरक्षाकर्मी सहित चार लोगों की सड़क हादसे में मौत होने के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने इस धमकी की जानकारी दी।
हिना को नक्सली पहाड़ सिंह की ओर से दो पत्र मिले हैं। इस संबंध में उन्होंने बालाघाट पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दिसंबर 1999 में नक्सलियों ने उनके पिता लिखीराम कांवरे की हत्या कर दी थी। उस समय वह कांग्रेसनीत दिग्विजय सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री थे।
हिना ने बताया कि उन्हें फिरौती देने के लिए उन्हें दो धमकी भरे पत्र मिले। इसकी उन्होंने पुलिस से शिकायत कर रखी है। बालाघाट जिले की लांजी विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक चुनी गईं हिना ने कहा कि इस मामले को मैं हल्के में नहीं ले रही हूं, क्योंकि मेरे पिताजी लिखीराम कांवरे की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी।
हिना ने कहा कि सोमवार सुबह उनके काफिले में शामिल तीन सुरक्षाकर्मी सहित चार लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत का नक्सल धमकी से कोई लेना-देना नहीं है। हिना की कार चला रहे चालक की सूझबूझ से वह सड़क हादसे में बाल बाल बच गईं।
पुलिस ने कहा- बढ़ा दी गई है सुरक्षा
बालाघाट जिले के पुलिस अधीक्षक ए जयदेवन ने बताया कि हिना कांवरे को पहाड़ सिंह की ओर से जारी एक पत्र 31 दिसंबर 2018 को प्राप्त हुआ, जिस पर तीन जनवरी को पुलिस से शिकायत की थी। दूसरा पत्र 10 जनवरी को हिना को मिला है, जिसकी सूचना उन्होंने 12 जनवरी को पुलिस को दी है। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
उन्होंने कहा कि पत्र देखने से नक्सलियों के द्वारा लिखा हुआ प्रतीत नहीं हो रहा है। लगता है कि किसी असामाजिक तत्व ने बालाघाट से पत्र पोस्ट किया है। वहीं, दुर्घटना के संबंध में मध्य प्रदेश के गृह मंत्री बाला बच्चन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे में मारे जाने वालों की पहचान उपनिरीक्षक हर्षवर्धन सोलंकी (30), प्रधान आरक्षक हामिद शेख (50), आरक्षक राहुल कोला एवं प्राइवेट चालक सचिन (22) के रूप में की गई है।
