MP News: उज्जैन की डांस गर्ल ने मोहजाल में फांसा, फिर किया ब्लैकमेल, व्यापारी ने कर लिया सुसाइड
हरसूद के नामी व्यापारी के लिए उसका प्यार ही उसके लिए जानलेवा साबित हुआ। उज्जैन की डांस गर्ल ने उसे मोह जाल में फांसा। फिर ब्लैकमेल करने लगी। परेशान होकर व्यापारी ने सुसाइड कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरसूद के नामी व्यापारी विनीत अग्रवाल के इश्क का सिर्फ डेढ़ साल में अंत हो गया। इसकी शुरुआत मांडू में एक आर्केस्ट्रा पार्टी से हुई। पार्टी में उज्जैन की गुड़िया के डांस पर विनीत फिदा हो गया। पति को तलाक दे चुकी गुड़िया ने विनीत की प्रापर्टी देखी तो वह लालच में आ गई। मां और बहन के साथ मिलकर गुड़िया ने विनीत से रुपया हड़पने के लिए हनी ट्रैप किया। विनीत ने जब उनसे खर्चे कंट्रोल करने और रुपये देने से इनकार किया तो ब्लैकमेलिंग शुरू हो गई। हरसूद में आकर हंगामा कर बदनाम करने की धमकियां दी गई। बदनाम होने के डर से विनीत ने नदी में कूदकर जान दे दी।
एसपी विवेक सिंह के निर्देशन में हरसूद एसडीओपी रवींद्र वास्कले और टीआई अंतिम पंवार की टीम पिछले तीन दिन से विनीत अग्रवाल सुसाइड केस को सुलझाने में लगी हुई थी। टीआई ने बताया कि कॉल डिटेल्स की जांच की गई। परिजनों के बयान भी लिए। स्पष्ट हुआ कि उज्जैन के विराट नगर की रहने वाली गुड़िया उर्फ बिट्टू उर्फ खुशनुमा पठान, उसकी बहन नरगिस (19) और मां मजहरी की प्रताड़ना से परेशान होकर विनीत ने खुदकुशी की है। मंगलवार सुबह तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। गुड़िया व नरगिस गिरफ्तार हो चुकी हैं। मां मजहरी फरार है। उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।
डांस गर्ल की विनीत से दोस्ती ने बदल दी किस्मत
उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना पुलिस के अनुसार गुड़िया के परिवार में मां-बहनें ही हैं। गुड़िया की शादी राहुल नामक शख्स से हुई थी। उसकी पांच साल की एक बेटी भी है। गुड़िया की ऊंची ख्वाहिशों को राहुल पूरा नहीं कर पा रहा था इसीलिए उनमें विवाद होने लगे। फिर इनका तलाक भी हो गया। आर्थिक स्थिति खराब थी। गुड़िया कैटरिंग में काम करने लगी। वह आर्केस्ट्रा पार्टी से भी जुड़ गई। वह पार्टियों में डांस करने लगी और डांस गर्ल बन गई।
रुपयों का सिलसिला थमा तो कर दूंगी बदनाम
विनीत ने कम समय में शहर में अपनी पहचान बना ली थी। वह लोगों के सामने अपनी शान-शौकत के लिए लाखों रुपये खर्च कर देता था। गुड़िया के हनी ट्रैप में जब विनीत पूरी तरह फंस गया तो वह पत्नी की तरह अधिकार जमाने लगी। शॉपिंग के बिल के भुगतान करके विनीत तंग आ गया। हर महीने एक से दो लाख रुपये विनीत गुड़िया व उसके परिवार पर खर्च कर देता था। जब उन खर्चों को कंट्रोल करने के लिए विनीत ने कहा तो विवाद होने लगे। जब विनीत ने और रुपये देने से इनकार किया तो गुड़िया और उसका परिवार विनीत को ब्लैकमेल करने लगा। गुड़िया धमकाने लगी कि मैं हरसूद में आकर हंगामा करूंगी। घर में तेरी पत्नी को बताऊंगी फोटो-वीडियो वायरल कर तुझे बेइज्जत कर दूंगी। पत्नी मोनिका ने भी गुड़िया व उसकी मां-बहनों पर विनीत को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
प्रेम के ड्रामे से शुरू हुई कहानी ब्लैकमेलिंग पर खत्म
विनीत का दोस्त लक्की उर्फ ललित शर्मा कैटरर है। लक्की ने बताया कि डेढ़ साल पहले मांडू में खाद-बीज कंपनी ने आर्केस्ट्रा पार्टी रखी थी। इसमें खिरकिया के खाद-बीज व्यापारी विवेक जैन के साथ विनीत भी शरीक हुए थे। पार्टी में गुड़िया ने डांस किया। गुड़िया के डांस और खूबसूरती का विनीत मुरीद हो गया। दोनों का परिचय हुआ। दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर लिए। उनमें बातचीत होने लगी। दोस्ती प्रेम में तब्दील हो गई। विनीत उससे मिलने उज्जैन और इंदौर जाने लगा। गुड़िया दो बार विनीत से मिलने हरसूद आ चुकी थी। विनीत का बड़ा घर, दुकान व गोदाम देखकर गुड़िया और उसके परिवार का इमान डगमगाया। तीनों ने विनीत को प्रेम के जाल में फंसाकर उससे लाखों रुपये ऐंठकर विराट नगर में घर बनवा लिया। दोनों बहनें और मां हजारों रुपये की शॉपिंग करने लगी। बिल का पेमेंट करने के लिए विनीत को बार कोड भेज दिया करती थी। विनीत ने एक समय के बाद जब रुपये देने से इनकार किया तो गुड़िया ने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
