11:08 PM, 10-Nov-2020
करेरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत
करेरा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी परागीलाल जाटव ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी जसमंत सिंह छित्री को 30,641 मतों के अंतर से हराया। परागीलाल को 95,468 वोट मिले वहीं जसमंत को 64,876 मत मिले।
11:02 PM, 10-Nov-2020
दुर्घटनावश सीएम बने थे कमलनाथ, गलती सुधारी गई: सहस्त्रबुद्धे
भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि मेरा मानना है कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जनादेश नहीं मिला था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इत्तेफाक से सरकार बनाई थी और कमलनाथ दुर्घटनावश मुख्यमंत्री बने थे, हालांकि इस गलती को सुधार लिया गया।
10:55 PM, 10-Nov-2020
जनता ने सिंधिया और उनके समर्थकों का स्वागत किया: शिवराज
मध्यप्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में मंगलवार को शुरुआती जीत के साथ 230 सदस्यीय सदन में बहुमत हासिल करने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा की इस जीत से साबित हो गया है कि जनता तत्कालीन कमलनाथ सरकार को गिराने के ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके साथी कांग्रेस विधायकों के कदम का स्वागत करती है।
10:39 PM, 10-Nov-2020
छत्तीसगढ़ उपचुनाव: जीत के बाद बोले सीएम बघेल, यह छल का जवाब
छत्तीसगढ़ के मरवाही विधानसभा उपचुनाव में जीत को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जनता ने 18 वर्षों तक हुए छल का जवाब दिया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पत्नी रेणु जोगी ने इसे सत्ता-शासन के दबाव में जबरदस्ती हासिल की गई जीत बताया।
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में स्थित मरवाही विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने जीत हासिल कर ली है। कांग्रेस के प्रत्याशी केके ध्रुव ने अपने निकटतम भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी गंभीर सिंह को 38,197 मतों से पराजित किया। इस सीट पर इस महीने की तीन तारीख को मतदान हुआ था।
10:33 PM, 10-Nov-2020
उदित राज ने भी उठाया ईवीएम पर सवाल, कार्ति ने किया बचाव
दिग्विजय सिंह के बाद कांग्रेस प्रवक्ता उदित राज ने भी ईवीएम पर सवाल खड़ा किया और कहा कि जब उपग्रह को नियंत्रित किया जा सकता है तो फिर ईवीएम हैक क्यों नहीं की जा सकती। दूसरी तरफ, कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने उदित राज का नाम लिए बगैर कहा कि ईवीएम पर सवाल खड़े करने का सिलसिला बंद होना चाहिए क्योंकि इसके साथ छेड़छाड़ का दावा अब तक वैज्ञानिक रूप से साबित नहीं हो सका है।
10:18 PM, 10-Nov-2020
जनता ने जताया भाजपा में विश्वास: नरेंद्र सिंह तोमर
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि यह परिणाम बताता है कि राज्य की जनता ने भाजपा में और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में अपना विश्वास जताया है और बताया है कि वह कांग्रेस के साथ नाखुश थी। तोमर ने कहा कि यह पार्टी के सामूहिक नेतृत्व की जीत है।
10:03 PM, 10-Nov-2020
मणिपुर उपचुनाव: चार सीटों पर भाजपा और एक पर निर्दलीय की जीत
मणिपुर की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा के खाते में चार सीटें आई हैं। वहीं, एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। लिलोंग विधानसभा सीट पर निर्दलीय वाई अंतस खान ने 3078 वोट के अंतर से जीत हासिल की। वहीं, वांगोई सीट पर भाजपा के ओइनम लुखोई सिंह 257 वोट के अंतर से जीते। वांगजिंग तेंथा सीट पर भाजपा के पाओनम ब्रोजन सिंह ने 1560 मतों के अंतर से जीते। सैतु सीट से भाजपा के गामथांग हाओकिप ने 12,257 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इसके अलावा सिंघाट सीट से भाजपा उम्मीदवार गिनसुआनहाउ ने जीत हासिल की।
09:53 PM, 10-Nov-2020
भाजपा की शानदार जीत पर गृह मंत्री शाह ने दी बधाई
राज्य की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मध्यप्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा कि प्रदेश की जनता का भाजपा की विकास नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व शिवराज सिंह चौहान की जोड़ी में विश्वास व्यक्त करने के लिए धन्यवाद देता हूं।
09:44 PM, 10-Nov-2020
सांवेर विधानसभा सीट से सिलावट जीते
सांवेर विधानसभा सीट से तुलसीराम सिलावट ने जीत हासिल कर ली है। 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की यह 19वीं सीट पर जीत है। सिलावट शुरुआत से ही अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू के मुकाबले बढ़त बनाए हुए थे। सिलावट, ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं और मार्च में सिंधिया के साथ ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे।
09:37 PM, 10-Nov-2020
मुरैना विधानसभा सीट पर कांग्रेस के राकेश मवई को जीत
मुरैना विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राकेश मवई ने 5751 वोट के अंतर से जीत हासिल की है। मवई ने 52,550 वोट हासिल किए। कांग्रेस की यह राज्य की सातवीं सीट पर जीत है। वहीं, दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी को 46,909 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहे बसपा के रामप्रकाश राजौरिया को 42,388 वोट मिले। इसके साथ ही बसपा का खाता भी नहीं खुल सका। यही एकमात्र सीट थी, जिसपर मतगणना के शुरुआती दौर में बसपा प्रत्याशी ने बढ़त बनाई थी।
09:27 PM, 10-Nov-2020
महगांव विधानसभा सीट पर भाजपा के ओपीएस भदौरिया जीते
महगांव विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार ओपीएस भदौरिया ने जीत हासिल की है। उनके सामने कांग्रेस की ओर से हेमंत सत्यदेव कटरे और बसपा की ओर से योगेश मेघसिंह नरवरिया उम्मीदवार थे। इस जीत के साथ ही भाजपा के खाते में 28 में से 18 सीटें आ गई हैं। वहीं कांग्रेस को अभी तक छह सीटों पर जीत मिली है।
09:16 PM, 10-Nov-2020
भाजपा उम्मीदवार इमरती देवी को मिली हार
राज्य में उपचुनाव के दौरान खासी चर्चा में रहीं भाजपा उम्मीदवार इमरती देवी को हार का सामना करना पड़ा है। राज्य में महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी डबरा विधानसभा से चुनावी मैदान में थीं। उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश राजे के हाथों हार का मुह देखना पड़ा। इसके साथ ही कांग्रेस को अब तक छह सीटों पर जीत मिल गई है। बता दें कि इमरती देवी तब चर्चा में आई थीं जब कांग्रेस नेता कमलनाथ ने एक कार्यक्रम में उन्हें 'आइटम' कह दिया था।
09:10 PM, 10-Nov-2020
सुमौली विधानसभा सीट पर कांग्रेस के अजब सिंह जीते
राज्य की सुमौली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजब सिंह कुशवाह ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार और राज्य सरकार में मंत्री ऐदल सिंह कंसाना को 10947 वोट के अंतर से मात दी। मतगणना के दौरान दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया, हालांकि, कुशवाह ने बढ़त बनाए रखी थी। इसके साथ ही अभी तक कांग्रेस के खाते में पांच सीटें आ गई हैं।
09:03 PM, 10-Nov-2020
छत्तीसगढ़: मरवाही विधानसभा सीट पर कांग्रेस विजयी
छत्तीसगढ़ की एक विधानसभा सीट (मरवाही) पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. केके ध्रुव ने 83,561 वोट हासिल किए। वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार डॉ. गंभीर सिंह को 45,193 वोट मिले। डॉ. ध्रुव को जहां 56.09 फीसदी वोट मिले वहीं, डॉ. गंभीर को 30.45 फीसदी वोट ही मिल पाए।
08:55 PM, 10-Nov-2020
सांवेर सीट पर सिलावट की स्थिति मजबूत
मध्यप्रदेश की सांवेर विधानसभा सीट के उप चुनाव के लिए जारी मतगणना में भाजपा उम्मीदवार तुलसीराम सिलावट की बढ़त में लगातार इजाफा हो रहा है। मतगणना के 19वें राउंड के बाद सिलावट अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू के मुकाबले 38,200 वोट से आगे हैं।