{"_id":"64f6b9f74efc3d1b0c0c24cc","slug":"maihar-will-become-the-55th-district-of-the-state-shivraj-says-this-is-not-an-announcement-action-to-start-2023-09-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Maihar New District: मैहर बना प्रदेश का 55वां जिला, शिवराज की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद जारी हुआ नोटिफिकेशन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Maihar New District: मैहर बना प्रदेश का 55वां जिला, शिवराज की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद जारी हुआ नोटिफिकेशन
Tue, 05 Sep 2023 04:18 PM IST
रवींद्र भजनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतना
Published by: रवींद्र भजनी
Updated Tue, 05 Sep 2023 04:18 PM IST
सार
Maihar 55th District: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को संबोधित करते हुए मैहर को जिला बनाने की घोषणा की है। इसके कुछ ही घंटों बाद नोटिफिकेशन भी जारी हो गया।
विज्ञापन
शिवराज सिंह चौहान (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार सुबह मैहर को जिला बनाने की घोषणा की। शाम होते-होते तो नोटिफिकेशन भी जारी हो गया। इस फैसले को विंध्य, खासकर सतना और मैहर में भाजपा को मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। मैहर के भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी लंबे समय से पार्टी की परेशानी बढ़ा रहे थे। उनकी एक मांग मैहर को जिला बनाने की भी थी।
विज्ञापन
चित्रकूट से तीन सितंबर को शुरू हुई जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को मैहर पहुंची। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यात्रा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान मैहर को जिला बनाने की घोषणा की। साथ ही कहा कि यह सिर्फ घोषणा नहीं है बल्कि आज हम इसके लिए कार्यवाही शुरू कर रहे हैं। इससे पहले 2018 में भी उन्होंने मैहर को जिला बनाने की घोषणा की थी, लेकिन तब सरकार नहीं बन सकी थी। इस बार उन्होंने घोषणा के साथ ही उसे लागू भी कर दिया है। इसके कुछ ही देर बाद यात्रा का नेतृत्व कर रहे प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मैहर के लिए खुशी का दिन है। सात दिन में प्रक्रिया पूरी होगी। 15 दिन में कार्यालय स्थापित होगा। आचार संहिता लागू होने से पहले मैहर में कलेक्टर और एसपी की नियुक्ति हो जाएगी। ऐसा मुख्यमंत्री जी ने कहा है। बहुत खुशी की बात है।
विज्ञापन
ऐसे होंगे नए जिले
राज्य सरकार ने मैहर को जिला बनाकर एक महीने का वक्त दिया है। इस दौरान दावे-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। नई व्यवस्था में सतना में रघुराजनगर, मझगवां, नागौद, उचेहरा, रामपुर बाघेलान, बिरसिंहपुर और कोटर तहसीलें शामिल होंगी। इसके कुल 496 पटवारी हल्के सतना जिले में आएंगे। इसी तरह मैहर जिले में मैहर तहसील के साथ ही अमरपाटन और रामनगर को शामिल किया गया है। कुल 234 पटवारी हल्के नए जिले में शामिल होंगे।
विज्ञापन
55वां जिला होगा मैहर
चुनावी साल में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अब तक तीन नए जिले बनाए हैं। 15 अगस्त को रीवा से अलग कर मऊगंज बनाया था। नए कलेक्टर और एसपी भी नियुक्त हो चुके हैं। इसी तरह छिंदवाड़ा से अलग कर पांढुर्णा को जिला बनाने की घोषणा के अगले ही दिन 26 अगस्त को नोटिफिकेशन भी जारी हो गया। मैहर इस कड़ी में तीसरा और प्रदेश का 55वां जिला है। मुख्यमंत्री ने इससे पहले पिछोर और नागदा को भी जिला बनाने की घोषणा की है। हालांकि, इनके नोटिफिकेशन अभी जारी नहीं हुए हैं।
मैहर में खुशी का माहौल
शिवराज की घोषणा के बाद मैहर में खुशी का माहौल है। लोगों ने आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर खुशियां मनाई। मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी लगातार मैहर को जिला बनाने की मांग कर रहे थे। इसे लेकर विधायक कई बार मुख्यमंत्री निवास के चक्कर भी लगा चुके थे। आखिरकार शिवराज ने विधायक नारायण त्रिपाठी की मांग पर मुहर लगा दी है।
