{"_id":"5e2f798e8ebc3e8d430484e2","slug":"madhya-pradesh-government-will-built-temple-of-mata-sita-in-sri-lanka-says-kamal-nath","type":"story","status":"publish","title_hn":"कमलनाथ का एलान, श्रीलंका में माता सीता का भव्य मंदिर बनवाएगी मध्यप्रदेश सरकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कमलनाथ का एलान, श्रीलंका में माता सीता का भव्य मंदिर बनवाएगी मध्यप्रदेश सरकार
Tue, 28 Jan 2020 05:30 AM IST
गौरव पाण्डेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Tue, 28 Jan 2020 05:30 AM IST
सार
- समिति बनाने का दिया निर्देश, इसी वित्त वर्ष में उपलब्ध कराई जाएगी धनराशि
- साथ ही सांची में बौद्ध संग्रहालय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने को कहा
- 2012 में तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह ने रखा था श्रीलंका के सामने प्रस्ताव
विज्ञापन
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ
- फोटो : एएनआई
विस्तार
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को कहा कि प्रदेश सरकार श्रीलंका में माता सीता का भव्य मंदिर बनवाएगी। इसके लिए उन्होंने शीघ्र ही योजना बनाने और उसका क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं। कमलनाथ ने कहा कि मंदिर के डिजाइन को अंतिम रूप दिया जाए और इसके लिये इसी वित्त वर्ष में आवश्यक धन राशि भी उपलब्ध करवाई जाए।
विज्ञापन
मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार ‘मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि श्रीलंका में माता सीता का भव्य मंदिर बनवाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि इसके लिए शीघ्र एक समिति बनाएं, जिसमें मध्यप्रदेश व श्रीलंका सरकार के अधिकारियों के साथ महाबोधि सोसायटी के सदस्य भी शामिल हों।’ उन्होंने कहा कि यह समिति मंदिर निर्माण के कार्यों पर नजर रखेगी, जिससे समय सीमा के अंदर मंदिर का निर्माण हो सके।
विज्ञापन
कमलनाथ सोमवार को मंत्रालय में मध्यप्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में चर्चा कर रहे थे। बैठक में महाबोधि सोसायटी के अध्यक्ष बनागला उपतिसा भी उपस्थित थे। सीएम ने भोपाल के निकट सांची में बौद्ध संग्रहालय, अध्ययन व प्रशिक्षण केंद्र बनाने के लिए आवश्यक भूमि आवंटित करने के साथ यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि इसके लिए शीघ्र ही कार्य योजना बनाई जाए।
विज्ञापन
जनसंपर्क मंत्री शर्मा ने हाल ही में श्रीलंका यात्रा के दौरान सीता मंदिर के निर्माण के संबंध में वहां की सरकार से हुई चर्चा की जानकारी दी। शर्मा ने कहा कि अगर बेहतर वायु सेवा उपलब्ध हो, तो श्रीलंका सहित बौद्ध धर्म को मानने वाले अन्य देशों में रह रहे श्रद्धालुओं को सांची आने में सुविधा होगी। गौरतलब है कि 2012 में जब शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब श्रीलंका के तत्कालीन राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे मध्यप्रदेश के सांची में बौद्ध यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखने आए थे। इस दौरान चौहान ने राजपक्षे से चर्चा कर श्रीलंका में सीता मंदिर बनाने का प्रस्ताव रखा था।
