मध्यप्रदेश में 1164 कोरोना संक्रमित, शिवराज बोले- हर दिन हो रहे 1200 टेस्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार को 226 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,164 हो गई है। पिछले 24 घंटों में दो लोगों की मौत हो गई है। राज्य में मरने वालों की संख्या 55 हो गई। जानिए अपडेट-
इंदौर में सबसे अधिक 707 कोरोना संक्रमित मरीज
रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना वायरस ने अबतक राज्य के 52 में से 26 जिलों में अपना पैर पसार लिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इंदौर में सबसे अधिक 707 कोरोना संक्रमित मरीज हैं। यहां पिछले 24 घंटे में 163 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, भोपाल में 29 संक्रमित के साथ राजधानी में कुल 196 मामले हो गए हैं।
इंदौर में सड़क पर बिखरे मिले 6,000 रुपये से ज्यादा के नोट
देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में गुरुवार को 6,000 रुपये मूल्य से ज्यादा के नोट सड़क पर बिखरे मिले। शहर में इस बीमारी के तेजी से फैलाव के मद्देनजर चौकन्नी पुलिस मामले की जांच कर रही है। सड़क पर बिखरे नोटों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
हीरानगर पुलिस थाने के प्रभारी राजीव भदौरिया ने बताया कि मुख्य सड़क पर बिखरे पडे़ मिले ये नोट 500, 200 100, 50 और 10 रुपये के हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि संक्रमण से बचाव के साधन इस्तेमाल करते हुए इन नोटों को जब्त कर लिया गया है। गिनती पर इनकी कुल कीमत 6,480 रुपये पाई गई है।
भोपाल में 70 डॉक्टरों को नोटिस जारी
भोपाल में 70 डॉक्टरों को नोटिस जारी किया गया है। स्वास्थ्य आयुक्त फैज अहमद किदवई ने आदेश दिया है कि डॉक्टर 17 अप्रैल तक कार्यभार ग्रहण करें। ऐसा नहीं करने पर
एस्मा के तहत उनपर कार्रवाई होगी। ये सभी 11 अप्रैल को इंदौर में पदस्थ किए गए थे। मध्यप्रदेश में हर दिन हो रहे 1200 टेस्ट: शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 23 मार्च तक राज्य में कोई टेस्ट नहीं किया गया था क्योंकि यहां कोई लैब नहीं थी। आज राज्य में हर दिन 1200 टेस्ट किए गए हैं। इसके अलावा, हम टेस्ट के लिए दिल्ली और नोएडा में लैब में सैंपल भेज रहे हैं।
No testing was done in the state till 23 March as there was no lab here. Today, 1200 tests are conducted in the state every day. Also, we are sending samples to labs in Delhi and Noida for testing: Shivraj Singh Chouhan, Madhya Pradesh CM pic.twitter.com/AaMWR2Zwqy
— ANI (@ANI) April 16, 2020
दिल्ली से आई रिपोर्ट में 110 संक्रमित
प्रदेश के स्वास्थ्य अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात को इंदौर में दो और कोरोना मरीजों की मौत के बाद प्रदेश में कोरोना से मरने वाले की संख्या 55 हो गई है। इनमें से अकेले इंदौर में 39 लोग मारे गए हैं। इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने कहा, 'दिल्ली की एक प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट में इंदौर जिले के 110 और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद जिले में इस महामारी के मरीजों की तादाद 586 से बढ़कर 696 पर पहुंच गई। इनमें से 39 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।'
आंकड़ों की गणना से पता चलता है कि गुरुवार सुबह तक इंदौर जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 5.60 प्रतिशत थी जो राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है। हालांकि, गुजरे एक हफ्ते से इंदौर की इस दर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इंदौर, देश के उन शीर्ष जिलों की जमात में भी शामिल है जहां प्रति 10 लाख आबादी में कोविड-19 के सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं। इंदौर जिले की आबादी 35 लाख से अधिक आंकी जाती है।
इंदौर के दो सराफा व्यापारियों की कोरोना से मौत
इंदौर के दो सर्राफा व्यापारियों की कोरोना से मौत हो गई। 15 मिनट के अंतराल में दोनों व्यापारी भाइयों ने दम तोड़ दिया। सराफा बाजार की एक प्रतिष्ठित ज्वेलर्स के संचालक भाइयों की मृत्यु हो गई। इसकी जानकारी जैसे ही सराफा बाजार के व्यापारियों को मिली तो उन्हें गहरा सदमा लगा। इसके बाद से सोशल मीडिया पर इन दोनों व्यापारियों को श्रद्धांजलि देने का दौर शुरू हो गया।
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पिछले 24 घंटे में भोपाल पुलिस ने 120 मामले दर्ज किए। भोपाल जिले में 22 मार्च से अब तक लॉकडाउन उल्लंघन के कुल 1390 मामलें दर्ज किए हैं।
प्रदेश के 52 जिलों में से 26 जिले संक्रमित
प्रदेश के कुल 52 जिलों में से 26 जिलों में कोरोना वायरस फैलने की पुष्टि हो चुकी है। प्रदेश के आगर मालवा और अलीराजपुर जिले में बुधवार को कोरोना वायरस के नए मरीज मिले थे। राज्य में कोरोना वायरस से मरने वाले 55 लोगों में सबसे अधिक 39 मरीज इंदौर के थे। इसके अलावा भोपाल में पांच, उज्जैन में छह, खरगोन में तीन और छिंदवाड़ा व देवास में एक-एक संक्रमित व्यक्ति की जान गई है। प्रदेश में अब तक 65 लोग ठीक हुए हैं। प्रदेश के विभिन्न शहरों में जहां कोरोना वायरस के मामले सामन आए हैं वहां अब तक 290 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। यहां सख्त लॉकडाउन लागू करने के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है।
छह मरीज समेत आठ लोग पृथक केंद्र से भागे, तीन मिले
वहीं इंदौर के एक होटल में बनाए गए पृथक केंद्र से कोरोना वायरस के छह मरीजों सहित आठ लोगों के फरार हो जाने का मामला सामने आया है। इनमें से तीन मरीजों को ढूंढकर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) पुनीत गहलोत ने बृहस्पतिवार को पीटीआई-भाषा से कहा कि राजेंद्र नगर क्षेत्र के एक होटल में बनाए गए पृथक केंद्र के पिछले हिस्से की चहारदीवारी फांदकर बुधवार को आठ लोग फरार हो गए। पुलिस होटल के बाहर पहरा दे रही थी। फरार लोगों की उम्र 40 के 60 वर्ष के बीच है।
प्रशासन देगा 500 रुपये का नकद इनाम
भिंड जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जिले के पुलिस अधीक्षक नागेन्द्र सिंह ने एक अनोखी इनामी योजना शुरु की है। उन्होंने प्रदेश के कोरोना हॉटस्पाट स्थानों से जिले में आए लोगों की सूचना देने वाले को 500 रुपये का नकद ईनाम देने का एलान किया है।
इंदौर कोरोना वायरस के टेस्ट के मामले में तेजी से वैश्विक स्तर की ओर बढ़ रहा है। इंदौर के कलेक्टर ने बतया कि संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंदौर में प्रति 10 लाख लोगों में से 2100 का कोरोना टेस्ट किया जा रहा है। इंग्लैंड में यह दर लगभग 2,800 व्यक्ति प्रति मिलियन है।
भोपाल सहित मध्य प्रदेश में 89 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना से संक्रमित
राज्य की राजधानी सहित पूरे मध्य प्रदेश में घातक कोरोना वायरस की महामारी को फैलने से रोकने में अग्रिम मोर्चे पर तैनात स्वास्थ्य विभाग के 89 कर्मचारी अब तक इसकी चपेट में आ चुके हैं। इनमें चार आईएएस अधिकारी और कुछ डॉक्टर भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि इसके अलावा 35-40 पुलिसकर्मी और उनके परिजन भी इस वायरस के चपेट में आ चुके हैं।
इनमें अधिकतर लोग कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार के दौरान सीधे संपर्क में आने से संक्रमण की चपेट में आए। संक्रमित हुए चार आईएएस अधिकारी और वरिष्ठ डॉक्टर कोरोना महामारी के खिलाफ रणनीति बनाने का काम कर रहे थे।
अन्य राज्यों में रुके प्रदेश के मजदूरों के खातों मे एक-एक हजार रूपये जमा कराए जाएंगे
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों में रुके प्रदेश के मजदूरों को उनके रुकने और भोजन की व्यवस्था के लिए उनके खातों में प्रदेश सरकार द्वारा एक-एक हजार रूपये जमा कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा, आवश्यकता पड़ने पर उन्हें और अधिक राशि दी जाएगी।
उन्होंने अन्य प्रदेशों में फंसे लोगों की इन व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए सात वरिष्ठ अधिकारियों को भी तैनात किया है। जनसंपर्क विभाग ने आधिकारिक तौर पर गुरुवार को बताया कि मुख्यमंत्री ने अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से लॉकडाउन के कारण उनके प्रदेश में रुके मध्य प्रदेश के मजदूरों के रुकने और राशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चर्चा की है।
