इंदौर में पीएम मोदी के रैलीस्थल से ताई का फोटो ही नदारद, फिर हड़बड़ी में हुआ ये काम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दरअसल मामला ये है कि आज इंदौर में मोदी की रैली है। इसके मद्देनजर भाजपा के सभास्थल में मंच पर विशाल पोस्टर लगाया गया। लेकिन इसमें ताई का पोस्टर न होना चर्चा का विषय बन गया। शिकायत होने पर सभास्थल में आनन-फानन में उनकी तस्वीर लगाई गई। इसके अलावा भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का फोटो भी इस विशाल पोस्टर से नदारद था। जब मामले ने तूल पकड़ा तो दोनों के फोटो लगाए गए।
बताया जा रहा है कि ताई सुबह निरीक्षण के लिए सभास्थल पहुंचीं तो अपना फोटो न देखकर शिकायत की। उन्होंने कहा मैं अभी पूर्व नहीं हुई हूं। इसके बाद भाजपा नेता हरकत में आए और ताबड़तोड़ फोटो चिपकाए गए।
लेकिन इस हड़बड़ी में भी एक चूक हो गई। आनन-फानन में हुए इस काम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह का फोटो ही हट गया। जबकि पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का फोटो दो बार लग गया। फिर एक फोटो को हटाकर राकेश सिंह का फोटो लगाया गया।
इस दूसरी तस्वीर को देखिए, इसमें आप देख सकते हैं कि शिवराज की जगह राकेश सिंह की तस्वीर लगाई गई है जबकि पहली तस्वीर में शिवराज की दो फोटो हैं।
उधर, कांग्रेस भी मौके पर चौका लगाने से नहीं चूकी। भाजपा में हुई इस चूक को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा तंज कसा। कांग्रेस प्रवक्ता ने ट्वीट कर भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि पहले तो टिकट न देकर ताई का अपना किया गया और अब सभास्थल के पोस्टर से फोटो ही हटा दिया गया। आखिर भाजपा ताई का अपमान कब तक करती रहेगी।
इंदौर की 8 बार सांसद , देश की लोकसभा अध्यक्ष ताई का पहले टिकट काटकर अपमान किया गया , फिर दिल्ली में उनकी बात तक नहीं सुनी गयी,राय तक नहीं मानी गयी और अब इंदौर में आज होने वाली मोदी जी की सभा के मंच पर उनका फ़ोटो तक नहीं।
आख़िर भाजपा ताई का अपमान कब तक करती रहेगी ? — Narendra Saluja (@NarendraSaluja) May 12, 2019
इंदौर से लगातार आठ बार चुनाव जीतने वाली महाजन को मध्यप्रदेश की इस सीट से भाजपा के टिकट का शीर्ष दावेदार माना जा रहा था। लेकिन सुमित्रा महाजन ने इस सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। उनके इनकार करने की वजह टिकट देने में भाजपा की ओर से हील-हवाली थी। इसके बाद भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इस सीट से मुख्य दावेदार माना जा रहा था, लेकिन उन्होंने भी यहां से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद भाजपा नेतृत्व ने यहां से शंकर लालवानी को टिकट दिया। इस बार यहां भाजपा के शंकर लालवानी और कांग्रेस उम्मीदवार पंकज संघवी के बीच मुकाबला है।
