Khandwa News: बाइक चोर गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे, तीन मोटरसाइकिलें जब्त, पूछताछ में हो सकते हैं कई खुलासे
खंडवा जिले में पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह को पकड़ा है। इनके पास से तीन बाइक जब्त की गई है। पुलिस अन्य चोरियों का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है।
विस्तार
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की पुलिस को मोटरसाइकिल चोरों के एक अंतर-जिला गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। इस गिरोह से फिलहाल तीन मोटरसाइकिलें जप्त की गई हैं, और पुलिस को उम्मीद है कि आगे और भी चोरी की गई गाड़ियों का पता चल सकता है। पकड़े गए आरोपी संगठित तरीके से अपराध को अंजाम देते थे, जहां मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें तुरंत बेच दिया जाता था या उनके पार्ट्स अलग कर सप्लाई कर दिए जाते थे।
पिछले कुछ दिनों से खंडवा शहर में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में वृद्धि हो रही थी, जिसके चलते पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम को जिले भर में इस तरह की वारदातों को अंजाम देने वालों को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस को सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में हैं और खरीदारों की तलाश कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर तीन संदिग्ध व्यक्तियों को मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा। जब उनसे वाहन के दस्तावेज मांगे गए, तो उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उन्हें थाने लाकर अलग-अलग पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान इरफान पिता शब्बीर खान, निवासी ग्राम सिकंदर खेड़ी, जिला देवास ने कबूल किया कि उसने और उसके साथी सोनू पिता मोहनलाल, निवासी हरदा ने करीब 20 से 25 दिन पहले शहर के कहारवाड़ी क्षेत्र से रात के समय काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 12 एन 2028) चोरी की थी। इसी तरह, इकबाल पिता मम्मू खान ने बताया कि उसने करीब एक माह पूर्व खंडवा के बॉम्बे बाजार क्षेत्र से अपने साथी अभिषेक पिता महेश विश्नोई, निवासी हरदा के साथ मिलकर रात में मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिलें जप्त कर लीं।
इस गिरोह के तीसरे आरोपी आनंद पिता सागर मस्कोले, निवासी देवास से भी पुलिस ने पूछताछ की। उसने बताया कि उसने होण्डा कंपनी की मोटरसाइकिल साइन (क्रमांक एमपी 12 एमएक्स 9408) को अपने साथी बंटी पिता अशोक, निवासी भगवानपुरा, खंडवा और तरुण पिता कैलाश मालवीय, निवासी साइलिया खेड़ी के साथ मिलकर स्थानीय अनाज मंडी के पास से चुराई थी। फिलहाल, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे और भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सकती है, जिससे चोरी की अन्य घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
