{"_id":"66f68b877b5a75225808b2b6","slug":"khandwa-news-drug-cultivation-amidst-cotton-crop-police-found-and-uprooted-ganja-plants-from-the-field-2024-09-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Khandwa News : कपास की खड़ी फसल के बीच हो रही थी नशे की खेती, पुलिस ने खेत से ढूंढकर उखाड़े गांजे के पौधे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Khandwa News : कपास की खड़ी फसल के बीच हो रही थी नशे की खेती, पुलिस ने खेत से ढूंढकर उखाड़े गांजे के पौधे
Fri, 27 Sep 2024 04:10 PM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Fri, 27 Sep 2024 04:10 PM IST
सार
पुलिस ने जिले के जावर थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम कोलगांव स्थित एक खेत से कपास की फसल के बीच छुपाकर उगाए जा रहे गांजे के पौधों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
कपास की फसल के बीच लगे गांजे के पौधे
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
खंडवा जिले के ग्रामीण अंचल के एक खेत से पुलिस ने बड़ी मात्रा में खड़ी फसल के बीच छिपाकर उगाए जा रहे गांजे के पौधों को जब्त किया है। नशे की इस खेती को उगाने के लिए आरोपी खेत मालिक ने कपास की फसल का सहारा लिया था, जहां से पुलिस ने कपास के पौधों के बीच से ढूंढ-ढूंढकर, नशे के इस्तेमाल में आने वाले गांजे के 22 हरे-भरे पौधों को, खेत की मिट्टी से उखाड़कर जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जांच की जा रही है।
विज्ञापन
जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर जावर थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम कोलगांव स्थित एक खेत से पुलिस ने गांजे के पौधों की बड़ी खेप बरामद की है। दरअसल मुखबिर से मिली सूचना के बाद जावर थाना प्रभारी जीपी वर्मा ने पुलिस टीम के साथ मिलकर गांव के बताए गए एक खेत में दबिश दी, जहां कपास के हरे-भरे पौधों के बीच छुपाकर गांजे की फसल उगाई जा रही थी।
विज्ञापन
पुलिस ने खेत मालिक आरोपी सोहन पिता रणजीत सिंह राजपूत, निवासी ग्राम कोलगांव को भी हिरासत में लेते हुए, उसके खेत में लगे कपास के पौधों के बीच से हरे पत्तेदार-कलीदार छोटे-बडे़ कुल 22 नग गांजे के पौधे भी मिट्टी से उखाड़कर जब्त किए, जिनका वजन करीब 4 किलो 580 ग्राम निकला है, इसकी बाजार में कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
