{"_id":"6adfc54a2ab5aa63710d0817","slug":"angry-over-love-marriage-in-temple-muslim-girl-abducted-by-family-khandwa-news-c-1-1-noi1224-4877130-2026-10-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"खंडवा: मंदिर में शादी कर लीगल पेपर्स बनवाने पहुंचे थे प्रेमी-प्रेमिका, दूल्हे को पीटकर लड़की उठा ले गए परिजन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खंडवा: मंदिर में शादी कर लीगल पेपर्स बनवाने पहुंचे थे प्रेमी-प्रेमिका, दूल्हे को पीटकर लड़की उठा ले गए परिजन
Tue, 27 Oct 2026 07:59 AM IST
खंडवा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा
Published by: खंडवा ब्यूरो
Updated Tue, 27 Oct 2026 07:59 AM IST
सार
मंदिर में शादी करने के बाद विवाह संबंधी दस्तावेज बनवाने पहुंचे युवक-युवती के मामले में युवक का आरोप है कि युवती के परिजन नोटरी कार्यालय पहुंचे और उसकी पत्नी को जबरन कार में बैठाकर ले गए। पुलिस युवती की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
अपराध
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले में मंदिर में शादी करने के बाद विवाह संबंधी दस्तावेज तैयार कराने पहुंचे युवक-युवती के बीच उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब युवती के परिजन कथित तौर पर वहां पहुंचे और उसे अपने साथ कार में ले गए। युवक ने आरोप लगाया है कि युवती के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी पत्नी को जबरन अपने साथ ले गए। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर पत्नी को वापस दिलाने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार युवक और युवती दोनों खंडवा जिले के रहने वाले हैं और पिछले कुछ समय से इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। युवक के मुताबिक दोनों ने मंगलवार दोपहर खंडवा के महादेवगढ़ मंदिर में शादी की थी। इसके बाद वे मालीकुआं क्षेत्र में स्थित नोटरी कार्यालय में विवाह संबंधी दस्तावेज तैयार कराने पहुंचे थे।
विज्ञापन
आरोप है कि इसी दौरान युवती के परिवार के 8 से 10 लोग वहां पहुंच गए। युवक का कहना है कि परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और युवती को पकड़कर कार में बैठाया तथा अपने साथ ले गए। घटना के बाद युवक कोतवाली थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी।
विज्ञापन
युवक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि युवती के परिजन उसकी पत्नी को जबरन अपने साथ ले गए हैं। उसने पुलिस को अपने लिव-इन रिलेशनशिप और मंदिर में हुई शादी से संबंधित दस्तावेज भी सौंपे हैं। युवक ने पुलिस से अपनी और पत्नी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ युवती को वापस दिलाने की मांग की है। महादेवगढ़ मंदिर में शादी के दौरान मौजूद रहे अशोक पालीवाल भी युवक के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी।
मामले में पुलिस का कहना है कि युवती के परिजनों द्वारा उसे अपने साथ ले जाने की जानकारी मिली है। पुलिस युवती की तलाश कर रही है और उसके परिवार के संपर्क में है। पुलिस के मुताबिक युवती के बयान दर्ज होने के बाद मामले की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक की शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। युवती की स्थिति और उसकी इच्छा के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
