कमलनाथ ने सरकार पर साधा निशाना: कहा- पिछड़ा वर्ग के हितैषी शिवराज के पास OBC विद्यार्थियों के लिए बजट नहीं
पूर्व सीएम कमलनाथ ने ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि का वितरण न होने पर शिवराज सरकार को घेरा। कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि खुद को अन्य और ओबीसी का हितैषी बताने वाली सरकार के पास ओबीसी के लिए बजट नहीं है।
विस्तार
कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर तंज कसते हुए लिखा कि प्रदेश के सरकारी और शासन से मान्यता प्राप्त स्कूलों एवं कॉलेजों में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के अध्ययनरत छात्रों को दो वर्ष से अधिक समय से छात्रवृत्ति का वितरण नहीं हुआ है।
प्रतिवर्ष पिछड़ा वर्ग के लगभग 5 से 6 लाख विद्यार्थी छात्रवृत्ति हेतु आवेदन करते हैं। 2020-21 के लगभग 5 लाख विद्यार्थियों में से अधिकांश को पूर्ण छात्रवृत्ति का वितरण अभी तक नहीं हुआ है, इसी प्रकार 2021-22 के लगभग 6 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति राशि का इंतजार है।
पूर्व सीएम ने लिखा कि विगत दो वर्षों से छात्रवृत्ति का वितरण नहीं किए जाने से विभिन्न उच्च शिक्षा से जुड़े शैक्षणिक संस्थानों एवं निजी संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों को प्रतिदिन आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। विभाग द्वारा निरंतर बजट की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार बजट उपलब्ध कराने में असफल साबित हुई है। द्वितीय अनुपूरक बजट में भी महज थोड़ी सी राशि देकर सरकार ने अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली।
