Indore News:इंदौर में चलेगी चार कोच वाली लाइट मेट्रो, 150 मीटर होगी कुल लंबाई, अगस्त से शुरू होगा ट्रायल
इस साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है। उससे पहले सरकार भोपाल और इंदौर में मेट्रो ट्रेन चलाना चाहती है। सितंबर मेें ट्रायल रन छह किलोमीटर वाले हिस्से में होगा। अफसर उसके निर्माण पर ही जोर दे रहे है।
विस्तार
इंदौर में मेट्रो ट्रेन का काम तेजी से जारी है। राज्य विधानसभा चुनाव से पहले सरकार इसे दौड़ाने में जुटी हुई है। अगस्त माह में इसका ट्रायल रन होगा। बड़ौदा में इसके कोच तैयार होने लगे हैं। इंदौर में शुरुआत में चार कोच वाली लाइट मेट्रो चलेगी। जिसकी लंबाई 150 मीटर रहेगी। इस ट्रेन में 250 से ज्यादा यात्री बैठ सकेंगे। फिलहाल दो मेट्रो ट्रेन चलेगी, भविष्य में आवश्यकता के हिसाब से इनकी संख्या बढाई जाएगी।
मेट्रो ट्रेन का डिपो गांधी नगर में तैयार हो रहा है। मेट्रो स्टेशन की क्षमता 27 मेट्रो ट्रेन की रखी गई है। पटरियों का निर्माण जिंदल स्टील कंपनी कर रही है। बड़ौदा में हो रहे कोच निर्माण को देखने के लिए जल्दी ही इंदौर के अफसर जाने वाले हैं। कोच की सप्लाई फरवरी अंत तक होगी। उसके बाद तकनीकी काम पांच माह में पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें पटरियां बिछाने के साथ ही सिग्नल का काम भी शामिल है।
हर स्टेशन पर सेंसर लगेंगे
हर स्टेशन पर सेंसर भी लगेंगे, इससे मेट्रो ट्रेन के भीतर बैठे यात्रियों को स्टेशनों की जानकारी मिल सकेगी। स्टेशन का काम गांधी नगर में हो रहा है। यहां एक प्लेटफार्म भी तैयार हो रहा है। इसके माध्यम से मेट्रो ट्रेन ट्रेक पर आएगी। अगले सप्ताह से पटरियां भी आना शुरू हो जाएगी। उसे ट्रेक पर बिछाने का काम मार्च के पहले सप्ताह से शुरू हो सकता है। सितंबर तक सरकार ने ट्रायल रन की समयसीमा तय की है।
ट्रायल रन छह किलोमीटर वाले हिस्से में होगा
इस साल के अंत में मप्र विधानसभा चुनाव होना हैं। उससे पहले सरकार भोपाल और इंदौर में मेट्रो ट्रेन चलाना चाहती है। सितंबर में छह किलोमीटर वाले हिस्से मेट्रो का परीक्षण होगा। अफसर उसके निर्माण पर ही जोर दे रहे है। मेट्रो ट्रेन कार्पोरेशन के एमडी मनीष सिंह के अनुसार समयसीमा में काम पूरा हो, इसलिए रात में भी काम चल रहा है। निर्माण एजेंसियों ने भी वर्कफोर्स में वृदि्ध की है। अभी 17 किलोमीटर के हिस्से में पिलर निर्माण और उन पर सेगमेट जोड़ने का काम जारी है।
पहले चरण में 31 किमी लंबा ट्रैक
इंदौर में पहले चरण में 31 किलोमीटर के ट्रैक में एयरपोर्ट से सुपर कॉरिडोर, भंवरासला, सुखलिया ग्राम चौराहा, रेडिसन चौराहा, खजराना, पलासिया और एमजी रोड का हिस्सा शामिल है। अभी 17 किलोमीटर हिस्से में ही काम चल रहा है। निर्माण पूर्ण करने की प्राथमिकता एयरपोर्ट से रेडिसन चौराहे वाले हिस्से में दी जा रही है। इस हिस्से में निर्माण पूरा होने के बाद मध्य हिस्से में काम शुरू होगा। इसके लिए अफसरों ने सर्वे शुरू कर दिया है। प्रवासी सम्मेलन के कारण मेट्रो प्रोजेक्ट का काम कुछ हिस्सों में रुका था, लेकिन अब काम ने फिर तेजी पकड़ ली है।
