Indore News:मुख्यमंत्री ने कहा-बंगाली काॅलोनी से होगा मेट्रो का अंडरग्राउंड रुट, एलिवेटेड काॅरिडोर भी बनेगा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने महिला सुरक्षा, नशे पर नियंत्रण जैसे काम भी हाथ में लिए हैं। इस बार बैठक अधोसंरचना विकास पर केंद्रित की गई है। शहर और आसपास के नगरों के लिए 25 साल के हिसाब से ट्रैफिक प्लान बनेगा।
विस्तार
इंदौर के विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को बैठक ली। बैठक में मेट्रो प्रोजेक्ट, बीआरटीएस, मेट्रोपॉलिटन एरिया सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में अफसरों ने बताया कि मेट्रोपॉलिटन की सीमा में रतलाम शहर भी जुड़ेगा।
कुल एरिया 14 हजार वर्ग किलोमीटर होगा। धार, महू, उज्जैन की नगर पंचायतें भी इसमें शामिल होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो का रूट अंडरग्राउंड ही रहेगा। बंगाली कॉलोनी से मेट्रो ट्रेन अंडरग्राउंड रहेगी, जिस पर अतिरिक्त 800 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसे राज्य सरकार वहन करेगी। इस बदलाव के कारण प्रोजेक्ट में देरी नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर भी रहेगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने महिला सुरक्षा, नशे पर नियंत्रण जैसे काम भी हाथ में लिए हैं। इस बार बैठक अधोसंरचना विकास पर केंद्रित की गई है। शहर और आसपास के नगरों के लिए 25 साल के हिसाब से ट्रैफिक प्लान बनेगा। बीआरटीएस हटने के बाद फिर से ट्रैफिक सर्वे होगा। इंदौर के एलिवेटेड कॉरिडोर का भी प्लान है। इसका वैज्ञानिक परीक्षण कराएंगे। एलिवेटेड कॉरिडोर को बढ़ाया भी जा सकता है। भविष्य के हिसाब से एलिवेटेड कॉरिडोर जरूरी है।
आसपास के नगरों की कनेक्टिविटी मजबूत करेंगे। उज्जैन की एप्रोच ज्यादा मजबूत करेंगे। भविष्य में उज्जैन में तीस-चालीस करोड़ लोग आने वाले हैं। उज्जैन, देवास, पीथमपुर शहर अब इंदौर से जुड़ गए हैं। दूसरे शहरों के इंदौर से संपर्क मार्गों को भी चौड़ा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर के मास्टर प्लान के अलावा जोनल प्लान बनेंगे और उसके हिसाब से मार्ग बनेंगे। आपको बता दें कि पिछले दिनों मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मेट्रो को बंगाली कॉलोनी से अंडरग्राउंड करने पर जोर दिया था। बैठक में इस पर जनप्रतिनिधियों की सहमति भी बन गई थी। उस पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री ने अफसरों से यह भी कहा कि इस बदलाव के कारण प्रोजेक्ट की समय-सीमा में बदलाव नहीं होना चाहिए।
