Indore News: भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के निवास पर पहुंचे सीएम, जताया मेंदोला के पिता के निधन पर शोक
मोहन यादव ने मेंदोला के पिता की तस्वीर पर पुष्प चढाए और कहा कि उत्तराखंड से इंदौर आकर बसने के बाद चिंतामणी मेंदोला ने मजदूरों के हितों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन मैं शोक व्यक्त करने आया हूं।
विस्तार
इंदौर के क्षेत्र क्रमांक दो के विधायक रमेश मेंदोला के पिता चिंतामणि मेंदोला के निधन पर शोक जताने मंगलवार को उनके निवास पर मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे। सीएम ने मेंदोला और उनके शोक संतप्त परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट मेंदोला के निवास पर रुके।
बता दें, विधायक रमेश मेंदोला के पिता चिंतामणि मेंदोला का रविवार को 98 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे। मुख्यमंत्री मोहन यादव पहले सोमवार को आने वाले थे, लेकिन उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी व बैठकों के कारण मंगलवार सुबह मेंदोला के निवास पर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे सहित अन्य नेता मौजूद थे।
उत्तराखंड से इंदौर आए थे मेंदोला
सीएम डॉ. मोहन यादव ने मेंदोला के पिता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और कहा कि उत्तराखंड से इंदौर आकर बसने के बाद चिंतामणि मेंदोला ने मजदूरों के हितों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन पर मैं शोक व्यक्त करने आया हूं। इसके बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट पहुंचे और सीधे भोपाल के लिए रवाना हुए।
