MP News: लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर अमित शाह लेंगे बैठक, बड़े नेताओं से पूछेंगे जीत की तैयारी का प्लान
MP News: देश में होने वाले आगामी लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से विजयश्री हासिल करने की तैयारी में बीजेपी जुट गई है। वहीं मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीट पर परचम लहराने के लिए गृहमंत्री अमित शाह 25 फरवरी को प्रदेश के ग्वालियर, खजुराहो, भोपाल आ रहे हैं। ग्वालियर-चंबल क्लस्टर की लोकसभा की बैठक लेंगे और भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को जीत का मंत्र देंगे। वहीं गृहमंत्री की सुरक्षा में 2000 से अधिक पुलिस के अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश के गृहमंत्री अमित शाह 25 फरवरी रविवार को प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान गृहमंत्री लगभग 12 बजे ग्वालियर पहुंचेंगे और एयरपोर्ट रोड स्थित होटल आदित्य में आयोजित ग्वालियर-चंबल क्लस्टर की चारों लोकसभा सीट (ग्वालियर, भिंड, मुरैना, गुना) के पदाधिकारियों, प्रबंध समिति, कोर समिति, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, संगठन प्रभारी, जिला प्रभारियों सहित करीब 400 नेता-कार्यकर्ता से संवाद करेंगे।
बताया जा रहा है कि लगभग दो घंटे चलने वाली बैठक लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए होगी। ऐसी ही एक बैठक विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भी अमित शाह ने की थी। परिणाम यह निकला कि मध्यप्रदेश में बीजेपी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनी। वहीं, गृहमंत्री के दौरे से पूर्व ग्वालियर पहुंचे प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, ग्वालियर-चंबल क्लस्टर के प्रभारी भूपेन्द्र सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी की बैठक लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
कड़ी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
वहीं, केन्द्रीय गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए ग्वालियर शहर हाई सिक्योरिटी जोन में बदल गया है। गृहमंत्री की सुरक्षा में जमीन से लेकर आसमान तक की सुरक्षा कड़ी कर दी जाएगी। त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा और 2000 से अधिक जवान और अफसर तैनात रहेंगे। शनिवार को पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक के साथ-साथ एयर फोर्स स्टेशन से लेकर बैठक स्थल तक रिहर्सल की और सुरक्षा के इंतजामों को देखा।
एमपी में राहुल गांधी की यात्रा से पहले अमित शाह की क्या है रणनीति
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद एक बार फिर राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को ग्वालियर चंबल अंचल के दौरे पर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी की यात्रा ग्वालियर चंबल अंचल में प्रवेश करने वाली है। इससे पहले ही अमित शाह अंचल की बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उन्हें घेरने की रणनीति तैयार करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल यानी 25 फरवरी को ग्वालियर दौरे पर हैं। जहां वह राहुल गांधी की यात्रा और लोकसभा की तैयारी को लेकर ग्वालियर चंबल अंचल के सभी बड़ी नेताओं के साथ रणनीति तैयार करेंगे।
बता दें, दो मार्च को मध्यप्रदेश में प्रवेश करने वाली राहुल गांधी की यात्रा में बड़ा परिवर्तन किया गया है। अब राहुल गांधी की यात्रा दतिया की बजाय मध्यप्रदेश में चंबल से प्रवेश करेगी। राहुल गांधी की यात्रा राजस्थान की धौलपुर से होते हुए मुरैना जिले में एंट्री करेगी। मुरैना जिले में राहुल गांधी नुक्कड़ सभाओं और रोड शो के जरिए लोगों को संबोधित करेंगे और उसके बाद वह सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में प्रवेश करेंगे।
राहुल गांधी की यात्रा से पहले अमित शाह के दौरे को लेकर कांग्रेस का कहना है कि अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मोदी और अमित शाह राहुल गांधी से कितने डरे हुए हैं। वह गरीब, शोषित और जनता की लड़ाई लड़ रही है। इसलिए बीजेपी उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है। वहीं, बीजेपी का कहना है कि जहां-जहां राहुल गांधी की यात्रा जा रही है, वहां कई प्रश्न चिन्ह खड़ी हो रही है। जहां वह जाते हैं, वहां कांग्रेस नेता बीजेपी में शामिल हो जाते हैं। इसलिए इस यात्रा का कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।
