ग्वालियर हादसा: सीएम मोहन यादव ने किया मुआवजे का एलान, मृतकों के परिजनों को चार और घायलों को दो लाख रुपये
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत और 29 लोगों के घायल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का एलान किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में श्रद्धालुओं की मौत को हृदयविदारक बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी घायलों का निशुल्क उपचार कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने मंत्री ऐदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को भी ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। उन्होंने सभी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की ओर से आर्थिक सहायता के निर्देश देते हुए कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सभी घायलों का निशुल्क उपचार कराया जाएगा।
ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के रहने वाले हैं प्रभावित परिवार
मुख्यमंत्री के मुताबिक, हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर जिलों के रहने वाले हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने मंत्री ऐदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों और घायलों की स्थिति का जायजा लिया जा सके।
शीतला माता मंदिर के पास कैसे हुआ भीषण हादसा?
ग्वालियर के चीनौर रोड पर शीतला माता मंदिर के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे यह भीषण दुर्घटना हुई। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान धान से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर के प्रवेश द्वार तथा बाहरी दीवार से टकरा गया। एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए सड़क पर बैरिकेड लगाए गए थे, लेकिन ट्रक उन्हें तोड़कर आगे निकल गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। हादसे में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सात घायलों की हालत गंभीर बताई गई थी।
हादसे में 14 लोगों की मौत, 29 घायल
शीतला माता मंदिर के पास हुए इस हादसे में कुल 14 लोगों की मौत हुई है, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में महिलाएं, बच्चे, किशोर और बुजुर्ग शामिल हैं। अब तक 11 मृतकों की पहचान होने की जानकारी सामने आई है। इनमें सत्येंद्र गुर्जर, सरला तोमर, गौरव परिहार और महेश शर्मा समेत 11 लोग शामिल हैं। मृतकों के नाम, उम्र और पते की जानकारी भी सामने आई है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
