Murena: अनैतिक संबंधों के चलते भतीजे ने ताऊ के सिर में लकड़ी मारकर की हत्या, आरोपी हुआ फरार
Murena: अनैतिक संबंधों के चलते आज एक युवक ने अपने ही सगे ताऊ के सिर में लकड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना जौरा थाना क्षेत्र स्थित अलख मंदिर के पास की है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए है।
विस्तार
जानकारी के अनुसार जौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अलख मंदिर के पास स्थित एक किराए के मकान में सत्यराम कडेरे (60) अपने परिवार के साथ रहता था। चूंकि उसकी शादी नहीं हुई हुई थी, इसलिए इसके साथ छोटे भाई का बेटा रणवीर उर्फ रंजीत कडेरे, उसकी पत्नी और अन्य लोग रहते थे। आज पुलिस को खबर मिली कि अलख मंदिर के पास एक वृद्ध की हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया, इसके बाद परिजनों से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और वो जुआ खेलने का आदी है। उसके खिलाफ ग्वालियर के उटीला थाने में पहले भी एक हत्या का मामला दर्ज हो चुका है। उसके घर पर अपराधी प्रवर्त्ति के युवकों का आना-जाना लगा रहता था। यह बात मृतक सत्यराम को अच्छी नहीं लगती थी। वह घर पर आने जाने वाले लोगों को रोकता था। इस बात से नाराज होकर आरोपी रणवीर उससे झगड़ा करता था।
पुलिस जांच में जुटी
इसी बात को लेकर आरोपी का मृतक के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान तैश में आकर आरोपी ने अपने ताऊ ले सिर में लकड़ी दे मारी। एक ही प्रहार से वृद्ध लहूलुहान होकर जमीन पर तड़पने लगा और कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई। एएसपी अरविंद ठाकुर का कहना है कि अन्य लोगों से पता चला है कि वृद्ध की हत्या अनैतिक संबंधों के चलते हुई है। फिलहाल शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
