{"_id":"65a3b97e62098c27c4096e8c","slug":"passengers-will-get-the-facility-of-footbridge-and-escalator-at-damoh-railway-station-2024-01-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Damoh: अमृत भारत योजना में महानगरों की तरह आकार लेगा दमोह रेलवे स्टेशन, फुटब्रिज और एस्केलेटर की मिलेगी सुविधा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Damoh: अमृत भारत योजना में महानगरों की तरह आकार लेगा दमोह रेलवे स्टेशन, फुटब्रिज और एस्केलेटर की मिलेगी सुविधा
Sun, 14 Jan 2024 04:08 PM IST
अर्पित याज्ञनिक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
Published by: अर्पित याज्ञनिक
Updated Sun, 14 Jan 2024 04:08 PM IST
सार
दमोह रेलवे स्टेशन का चयन अमृत भारत योजना के तहत हुआ है। इसके तहत स्टेशन पर अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी योजना के तहत अब एस्केलेटर की सुविधा जोड़ी गई है।
विज्ञापन
दमोह रेलवे स्टेशन।
- फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
अमृत भारत योजना के तहत दमोह के मॉडल रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य चल रहा है। आने वाले एक साल के अंदर इसका स्वरूप बदल जाएगा। इसी क्रम में दमोह में एक और सौगात मिलने वाली है। यहां यात्रियों की सुविधा को देखते हुए स्टेशन पर नए फुटओवर ब्रिज के साथ दिव्यांगों के लिए एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ी) लगाई जाएगी।
विज्ञापन
एस्केलेटर लगने का सबसे ज्यादा लाभ दिव्यांग व बुजुर्ग यात्रियों को मिलेगा। हालांकि वर्तमान स्टेशन पर सीढ़ियों के अलावा रेलिंग लगी हुई है। साथ ही एक तरफ लिफ्ट की भी सुविधा है, लेकिन दोनों तरफ रेलिंग की लंबाई काफी अधिक है। साथ ही लिफ्ट भी केवल एक तरफ लगी हुई है। ऐसे में दिव्यांग एवं बुजुर्गों को प्लेटफार्म नंबर एक से दो पर आने-जाने में खासी मुसीबत होती है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि दमोह रेलवे स्टेशन का चयन अमृत भारत योजना के तहत हुआ है। इसके तहत स्टेशन पर अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी योजना के तहत अब एस्केलेटर की सुविधा जोड़ी गई है। इसके बनने के बाद दमोह रेलवे स्टेशन महानगरों के स्टेशन की तरह नजर आने लगेगा।
विज्ञापन
बनेगा दूसरा फुट ओवर ब्रिज
रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में 8 हजार से अधिक यात्रियों की रोज आवाजाही हो रही है। वर्तमान प्लेटफार्म नंबर एक से प्लेटफार्म नंबर 2 तक की लंबाई अधिक होने की वजह से बुजुर्ग व दिव्यांग यात्रियों को परेशानी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए एक नया फुट ओवर ब्रिज स्वीकृत किया गया है। ये ब्रिज मालगोदाम के आगे प्लेटफार्म नंबर एक व दो के बीच बनाया जाएगा। इसी फुटब्रिज पर दोनों प्लेटफार्म के बाहरी हिस्से में एस्केलेटर लगाया जाएगा। इसका लाभ प्लेटफार्म नंबर 1, 2 और 3 के यात्रियों को मिलेगा।
एक साल में बदलेगा स्वरूप
स्टेशन प्रबंधक मुकेश जैन ने बताया की अमृत भारत योजना के तहत दमोह रेलवे स्टेशन पर अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं। जिसमें नए फुटब्रिज के साथ एस्केलेटर की भी सुविधा मिलेगा। अभी बाहरी कंस्ट्रक्शन का काम चालू हो गया है। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य कार्य भी होंगे। अभी इसमें करीब एक साल लग सकता है।
38 जोड़ी ट्रेनों का हो रहा संचालन
दमोह रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में 38 जोड़ी ट्रेनों की आवाजाही हो रही है। इनमें कुछ ट्रेनें नियमित, कुछ साप्ताहिक तो कोई सप्ताह में दो से तीन दिन चल रहीं हैं। ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही अब स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आगामी महीनों में बीना-कटनी के बीच तीसरी लाइन बनने के बाद स्टेशन पर गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या में और अधिक इजाफा होगा।
