Damoh News: कार की टक्कर से दो साल के मासूम की मौत, परिजनों ने किया प्रदर्शन, पुलिस पर भड़के प्रदर्शनकारी
मध्य प्रदेश के दमोह के देहात थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को दो वर्षीय मासूम की कार से टक्कर लगने से मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद बच्चे का शव सीमेंट फैक्टरी के सामने रखकर परिजनों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने उनके साथ धक्का-मुक्की भी की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दमोह के देहात थाना क्षेत्र की नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत शनिवार शाम दो वर्षीय मासूम को सीमेंट फैक्टरी के अंदर कालोनी में एक कार ने टक्कर मार दी जिसमें उसकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने सीमेंट फैक्टरी के गेट के सामने प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रदर्शन कर रहे लोगों से धक्का- मुक्की करते हुए उन्हें हटा दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी प्रसिता कुर्मी के साथ देहात थाने का पुलिस बल मौके पर मौजूद था।
यह है पूरा मामला
सीतानगर निवासी शिवानी पति लकी साहू प्रतिदिन नरसिंहगढ़ सीमेंट फैक्ट्री की स्टाफ कालोनी में सिलाई-कढ़ाई सीखने आती थी। अपनी तीन वर्षीय बेटी शेजल को भी साथ लाती थी। शनिवार शाम कॉलोनी के अंदर ही एक कार चालक महिला ने उसकी बेटी को टक्कर मार दी। फिर कार लेकर भाग गई। घायल मासूम को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फैक्टरी के बाहर परिजनों ने किया प्रदर्शन
रविवार दोपहर परिजनों ने दमोह-छतरपुर मार्ग पर सीमेंट फैक्टरी के गेट के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि कार चालक टक्कर मारकर फरार हो गई है। जब फैक्टरी के कैमरे को चेक कराया गया तो गाड़ी का नंबर एवं फोटो दिखा। इसके बाद भी पुलिस ने कार चालक पर कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने 24 घंटे तक किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की बल्कि आश्वासन देती रही। इसके चलते ही परिजनों ने हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिजनों की मांग थी कि जिस चालक ने टक्कर मारी है, उसे सामने लाया जाए। इसी तरह काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने लोगों को धक्का मारते हुए सड़क से अलग किया। पुलिस ने कार को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रकरण दर्ज
इस संबंध में नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी प्रसीता कुर्मी ने बताया कि कार क्रमांक एमपी-17-सीए-3543 को रंजना तिवारी नामक महिला चला रही थी। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कार को जब्त कर लिया है। प्रदर्शनकारियों से धक्का-मुक्की जैसी कोई बात नहीं है।
