{"_id":"66cd925cbb55c07a440c2bcb","slug":"damoh-bansa-absconding-in-triple-murder-case-builder-surrenders-police-says-we-arrested-him-damoh-news-c-1-1-noi1223-2039604-2024-08-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Damoh News: बांसा तिहरे हत्याकांड में फरार बिल्डर ने किया सरेंडर, पुलिस का दावा- हमने गिरफ्तार किया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Damoh News: बांसा तिहरे हत्याकांड में फरार बिल्डर ने किया सरेंडर, पुलिस का दावा- हमने गिरफ्तार किया
सार
एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने कहा कि फरार आरोपी रॉकी सुरेखा को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया है। जब मीडिया ने यह पूछना चाहा कि कहां से गिरफ्तार किया है, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
विज्ञापन
मृतकों के जीवित अवस्था के फोटो
विस्तार
दमोह जिले के देहात थाना अंतर्गत बांसा तारखेड़ा गांव में 24 जून को हुए तिहरे हत्याकांड के फरार आरोपी, बिल्डर रॉकी सुरेखा ने सोमवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि, पुलिस का दावा है कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दिनभर इस जानकारी को छिपाए रखा। रात करीब 11 बजे दमोह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया। मीडिया ने इस बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की, जैसे कि आरोपी को कहां से पकड़ा गया, लेकिन मंगलवार सुबह कई बार प्रयास करने के बावजूद एसपी ने फोन रिसीव नहीं किया।
विज्ञापन
पुराने विवाद से जुड़ा था हत्याकांड
24 जून की सुबह बांसा तारखेड़ा गांव में होमगार्ड सैनिक रमेश विश्वकर्मा, उनके बेटे उमेश विश्वकर्मा, और भतीजे विक्की विश्वकर्मा की राजा विश्वकर्मा, गोलू विश्वकर्मा और सजल विश्वकर्मा ने गोली मारकर और तलवार से हत्या कर दी थी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने एक दिन बाद इस हत्याकांड के षड्यंत्र रचने के आरोप में कॉलोनाइजर रॉकी सुरेखा और उसके मैनेजर मोनू प्रजापति को भी आरोपी बनाया था। मृतकों के परिजनों ने दमोह-सागर हाईवे पर जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी और रॉकी सुरेखा के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की थी।
विज्ञापन
सजल विश्वकर्मा अब भी फरार
पुलिस ने एक दिन बाद हत्याकांड के आरोपी राजा विश्वकर्मा और गोलू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, सजल विश्वकर्मा और षड्यंत्र के आरोपी रॉकी सुरेखा और मोनू प्रजापति फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था। करीब 15 दिन पहले सुरेखा के मैनेजर मोनू प्रजापति ने आत्मसमर्पण कर दिया था, और अब रॉकी सुरेखा ने भी आत्मसमर्पण कर दिया है।
विज्ञापन
सुरेखा की गिरफ्तारी पर पुलिस चुप
इस हाई-प्रोफ़ाइल मामले में जहां पुलिस सामान्यतः आरोपियों की गिरफ्तारी पर प्रशंसा बटोरती है, इस बार रॉकी सुरेखा की गिरफ्तारी को लेकर दमोह में पूरी तरह से खामोशी देखी जा रही है। सोमवार रात एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने आधिकारिक बयान में बताया कि फरार आरोपी रॉकी सुरेखा को गिरफ्तार कर लिया गया है। जब मीडिया ने पूछा कि आरोपी को कहां से गिरफ्तार किया गया, तो पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई। एसपी ने फोन तक रिसीव नहीं किया।
