Damoh: जागेश्वरनाथ धाम मंदिर में बनेगा कॉरिडोर, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों ने किया निरीक्षण
Damoh: दमोह के प्रसिद्ध जागेश्वरनाथ मंदिर बांदकपुर में भव्य कॉरिडोर का निर्माण शीघ्र ही प्रारंभ होगा। रविवार को पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों ने मंदिर पहुंचकर भगवान जागेश्वरनाथ जी के दर्शन किए और मंदिर प्रबंधन से जानकारी ली।
विस्तार
बुंदेलखंड के प्रमुख तीर्थ क्षेत्र देव श्री जागेश्वरनाथ मंदिर बांदकपुर में भव्य कॉरिडोर का निर्माण शीघ्र ही शुरू होने वाला है। इसी के चलते रविवार को मध्यप्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय के इंजीनियर श्रुति पुरोहित, राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह के भाई सत्येन्द्र सिंह ने मंदिर का निरीक्षण किया और निर्माण को लेकर एक-एक बिंदु पर जानकारी ली गई। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट के साथ बैठक की, जिसमें मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक रामकृपाल पाठक, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश मेहता, पंकज हर्ष श्रीवास्तव, अनुराग श्रीवास्तव, गोविंद तिवारी, राजकुमारी सिंह, मंदिर ट्रस्ट के प्रवक्ता आचार्य पंडित रवि शास्त्री उपस्थित रहे।
कॉरिडोर बनाने का आश्वासन दिया
बता दें विधानसभा चुनाव में बांदकपुर मंदिर कारीडोर निर्माण प्रमुख मुद्दा था और दमोह के पूर्व सांसद और वर्तमान पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने बांदकपुर को गोद भी लिया था। लेकिन यहां कॉरिडोर का निर्माण नहीं हुआ था। जबकि मंदिर की प्रसिद्धि तेरहवें ज्योतिर्लिंग के रूप में है। दमोह विधायक और पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया ने कॉरिडोर निर्माण की बात कही थी और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह ने भी कॉरिडोर बनाने का आश्वासन दिया है। साथ दमोह लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह ने भी पहली प्राथमिकता के तौर पर बांदकपुर में कॉरिडोर निर्माण की बात कही है। जिसके जब अधिकारी यहां निरीक्षण करने पहुंचे हैं।
