{"_id":"64397b06f7b3e02eb001d2a8","slug":"damoh-news-police-custody-accused-of-theft-jumped-from-bathroom-and-died-due-to-head-explosion-2023-04-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Damoh News: चोरी के आरोपी को पकड़ने सूरत गई थी पुलिस, बाथरूम से कूदा आरोपी, सिर फटने से मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Damoh News: चोरी के आरोपी को पकड़ने सूरत गई थी पुलिस, बाथरूम से कूदा आरोपी, सिर फटने से मौत
Fri, 14 Apr 2023 09:40 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
Published by: अरविंद कुमार
Updated Fri, 14 Apr 2023 09:40 PM IST
सार
मध्यप्रदेश के दमोह जिले में चोरी के आरोपी की पुलिस अभिरक्षा में बाथरूम से कूदने की वजह से सिर फटने के चलते मौत हो गई। घटना गुजरात के सूरत की है। मामले में एसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन
चोरी के आरोपी को पकड़ने सूरत गई थी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दमोह के बटियागढ़ थाना एरिया में खड़ेरी गांव के जैन मंदिर में दो साल पहले हुई चोरी का आरोपी गुजरात के सूरत में फरारी काट रहा था, जिसकी सूचना मिलने पर उसे गिरफ्तार करने बटियागढ़ थाना की केरबना चौकी पुलिस सूरत गई थी। वहां आरोपी बाथरूम जाने के बहाने खिड़की से कूद गया और उसकी मौत हो गई। आरोपी का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव गांव लाया गया और अंतिम संस्कार किया गया। दमोह एसपी राकेश कुमार सिंह ने इस मामले में केरबना चौकी प्रभारी सहित दो पुलिस कर्मियों को लापरवाही बरतने के मामले में निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन
आरोपी नरेंद्र पिता नत्थू लोधी (27) निवासी गूगराकला के द्वारा बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़ेरी गांव में साल 2021 में जैन मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। तभी से यह आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन हजार रुपये का इनाम रखा था। आरोपी के सूरत में होने की जानकारी दमोह पुलिस को मिली थी, जिसे गिरफ्तार करने के लिए बटियागढ़ थाना क्षेत्र की केरबना चौकी प्रभारी योगेंद्र गायकवाड़ सहित दो पुलिसकर्मी तीन दिन पहले सूरत गए थे। वहां जाकर पता चला कि आरोपी एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रहा है।
विज्ञापन
स्थानीय पुलिस का लिया सहारा...
वहां की स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर दमोह लाया जा रहा था, तभी रात हो जाने की वजह से पुलिस आरोपी सहित एक होटल में रुक गई। 12 अप्रैल की सुबह आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कही, जिससे पुलिस ने उसकी हथकड़ी खोल दी और आरोपी बाथरूम के अंदर बनी खिड़की से कूद गया। काफी उंचाई होने की वजह से आरोपी के सिर में गंभीर चोट आ गई, जिसकी जानकारी पुलिस ने दमोह एसपी राकेश कुमार सिंह को दी और आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन चोट गंभीर होने की वजह से उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
13 अप्रैल को आरोपी के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को उसके गांव गूगरा कला लाया गया, यहां परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पथरिया एसडीएम भाव्या त्रिपाठी, एसडीओपी हटा बीरेंद्र बहादुर सिंह, तहसीलदार बटियागढ़ विजय साहू, बटियागढ़ थाना प्रभारी सोनाली जैन और एसआई पीडी दुबे सहित पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। आरोपी के पिता ने पुलिस पर आरोप लगाए कि पुलिस के कारण ही मेरे बेटे की मौत हुई है।
इस मामले में दमोह एसपी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को लाने वाले पुलिस कर्मियों ने हथकड़ी खोल दी। इसलिए लापरवाही निकलकर सामने आई और आरोपी भाग गया। इसलिए केरबना चौकी प्रभारी योगेंद्र गायकवाड़ और साथ में गए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। पूरी विवेचना कार्रवाई सूरत में होगी और उनकी जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई वहीं से की जाएगी।
