Covid-19 In MP Live : प्रदेश में संक्रमितों संख्या 2090 हुई, अब तक 103 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्यप्रदेश में रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 2090 हो गई, जबकि अब तक करीब 103 लोग जान गंवा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इंदौर में अब तक सबसे ज्यादा 1176 मामले सामने आए हैं और यहां 57 लोगों की मौत हुई है। वहीं प्रदेश की राजधानी भोपाल में अब तक 415 मामले सामने आए हैं और 9 लोगों की मौत हुई है।
वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के प्रवासी मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंस की सहायता से बात की। ये मजदूर लॉकडाउन के चलते देश के विभिन्न राज्यों में फंसे हुए थे। अब ये मजदूर वापस मध्यप्रदेश आ गए हैं।
इंदौर: 16 लाेग और ठीक हुए, अस्पताल से डिस्चार्ज
इंदौर में काेराेना संक्रमिताें की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। दूसरी ओर राहत देती खबरें भी आ रही हैं। रविवार को यहां 16 मरीज ठीक हुए, जिन्हें घर भेज दिया गया। इन मरीजों में 12 मरीज अरविंदो हॉस्पिटल में भर्ती थे।
एक मरीज के साथ नवजात भी अपने घर गया। चार अन्य मरीज एमआरटीबी हॉस्पिटल में भर्ती थे। इनमें दो इंदौर के और दो महिलाएं खरगोन जिले के कसरावद की रहने वाली थीं। अब तक इंदौर में करीब 123 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।
अब तक 17 लाख लोगों का सर्वे
अपर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव साहनी ने बताया कि बीते शनिवार को 441 सैंपलों की जांच हुई थी। इनमें से 91 पॉजिटिव और 350 की रिपोर्ट निगेटिव आई। अब तक मिले कुल 5594 सैंपलों में से 1176 लोग संक्रमित पाए गए। अब तक 57 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक शहरभर में करीब 17 लाख लोगों का सर्वे कर चुके हैं।
इंदौर: युवक से उठक-बैठक कराई, वीडियो वायरल
मध्यप्रदेश का इंदौर शहर कोरोना का हॉटस्पॉट के तौर पर सामने आया है। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं लोगों के लॉकडाउन का पालन नहीं करने के मामले भी सामने आ रहे हैं। इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में अपनी लग्जरी कार पोर्शे में लॉकडाउन के दौरान बाहर निकले एक युवक को एक पुलिस कर्मी रोक रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस कर्मी बाहर निकलने का वाजिब कारण नहीं बता पाने पर युवक से कान पकड़कर उठक-बैठक करवा रहा है।
Madhya Pradesh: In a viral video (in picture - a screengrab from the viral video), a man was seen being made to do squats, by Indore's security committee personnel after he was flagged down by them yesterday while he was driving his luxury car Porsche amid lockdown. pic.twitter.com/qRXCmIwZHX
— ANI (@ANI) April 26, 2020
वहीं इस संबंध में युवक संस्कार दर्यानी ने कहा कि जब मुझे रोका गया तब मैं अपनी कंपनी से वापस घर लौट रहा था। मैंने उन्हें अपना पास दिखाया, परंतु उन्होंने मुझे काफी बुरा-भला कहा और मुझसे उठक-बैठक लगवाईं। मैंने उनसे बात करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मेरी एक नहीं सुनी। इसके बाद उन्होंने जैसा कहा मैंने वैसा ही किया। उन्होंने वीडियो बनाया, मजाक उड़ाया और फिर मुझे जाने को कहा।
अब तक 57 लोगों की मौत
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कोविड-19 से संक्रमित 57 लोगों की मौत हुई है जबकि इस महामारी के 107 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
आंकड़ों के मुताबिक इंदौर में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर रविवार सुबह तक 4.85 प्रतिशत रही। जिले में इस महामारी के मरीजों की मृत्यु दर पिछले कई दिन से राष्ट्रीय औसत से ज्यादा बनी हुई है।
इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।
