{"_id":"67ab63062724ab11d00b469e","slug":"chhatarpur-government-employees-leave-cancelled-due-to-draupadi-murmu-programme-pm-modi-also-likely-to-come-2025-02-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chhatarpur: राष्ट्रपति के कार्यक्रम के चलते सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल, PM मोदी के भी आने की संभावना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chhatarpur: राष्ट्रपति के कार्यक्रम के चलते सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल, PM मोदी के भी आने की संभावना
Tue, 11 Feb 2025 08:17 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, छतरपुुर
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, छतरपुुर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Tue, 11 Feb 2025 08:17 PM IST
सार
राजधानी भोपाल में 24 और 25 फरवरी को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। पीएम 23 फरवरी को छतरपुर के बागेश्वर धाम में बनने वाले कैंसर अस्पताल का भूमिपूजन करेंगे। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को बागेश्वर धाम पहुंचेंगी।
विज्ञापन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में फरवरी के आगामी एक सप्ताह में देश के दो बड़े दिग्गज आने वाले हैं। इनमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 फरवरी को छतरपुर के बागेश्वर धाम पहुंचेंगे। वहीं, 26 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी बागेश्वर धाम पहुंचेंगी।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, महाशिवरात्रि पर्व पर बागेश्वर धाम में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा आयोजित 251 कन्याओं के विवाह के महामहोत्सव में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आ सकती हैं। जिन कन्याओं का विवाह होना है, उनमें 108 कन्याएं आदिवासी वर्ग की हैं। समझा जाता है कि राष्ट्रपति नवविवाहित जोड़ों को सुखी दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद देने के लिए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विशेष आग्रह पर आ रही हैं।
विज्ञापन
23 फरवरी को मोदी आ सकते हैं बागेश्वर धाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बागेश्वर धाम दौरा 23 फरवरी को प्रस्तावित है। वे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा बनवाए जाने वाले कैंसर हॉस्पिटल की आधारशिला रखने आ रहे हैं। यह कैंसर हॉस्पिटल बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
विज्ञापन
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी विगत 25 दिसंबर 2024 को बागेश्वर धाम के नजदीक स्थित खजुराहो आए थे। जहां उन्होंने 44 हजार 605 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली केन बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास किया था। दो महीने के अंतराल में छतरपुर जिले में प्रधानमंत्री का यह दूसरा दौरा होगा। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए छतरपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति के संभावित दौरे के मद्देनजर छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। कलेक्टर ने मंगलवार शाम इस संबंध में एक आदेश भी जारी किया है।
रिकॉर्ड और जानकारी के मुताबिक, छतरपुर के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि एक सप्ताह के अंदर दो बड़ी हस्तियां, देश के दो बड़े दिग्गज राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री छतरपुर पहुंचने वाले हैं। आंकड़ों की माने जाए तो दो महीने के अंदर प्रधानमंत्री का छतरपुर जिले में यह दूसरा दौरा होगा। वह पिछले 25 दिसंबर को केन बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास करने (खजुराहो) आए थे और अब दो महीने के अंदर 23 फरवरी को बागेश्वर धाम आने वाले हैं।
