फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   RGPV bus turns deadly on VIP Road; crashes into a divider and then a pole, leaving 12 injured.

भोपाल: वीआईपी रोड पर मौत बनकर दौड़ी आरजीपीवी की बस, डिवाइडर से टकराकर खंभे में भिड़ी, 12 घायल

Tue, 27 Oct 2026 09:51 PM IST
भोपाल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: भोपाल ब्यूरो Updated Tue, 27 Oct 2026 09:51 PM IST
सार

भोपाल के वीआईपी रोड पर मंगलवार सुबह राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) के विद्यार्थियों और कर्मचारियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में विद्यार्थियों और बस स्टाफ सहित 11 से 12 लोगों के घायल होने की जानकारी है। छात्रों ने चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया है, जबकि चालक ने सामने अचानक व्यक्ति आने की बात कही है। 

विज्ञापन
RGPV bus turns deadly on VIP Road; crashes into a divider and then a pole, leaving 12 injured.
दुर्घटनाग्रस्त बस - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वीआईपी रोड पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) के विद्यार्थियों और कर्मचारियों को लेकर जा रही बस राजा भोज की प्रतिमा और करबला के बीच मोड़ पर अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में करीब 11 से 12 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। विद्यार्थियों ने चालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है।

विज्ञापन


वीआईपी रोड पर मोड़ के दौरान बेकाबू हुई बस
हादसा मंगलवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच कोहेफिजा थाना क्षेत्र में हुआ। आरजीपीवी की बस 12 नंबर क्षेत्र से विद्यार्थियों और कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। राजा भोज की प्रतिमा और करबला के बीच मोड़ पर बस अनियंत्रित हो गई। पहले बस डिवाइडर पर चढ़ी और फिर बिजली के खंभे से टकरा गई।
विज्ञापन


टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस को काफी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं। हादसे के बाद बस में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे व सवार लोगों को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के समय बस में करीब 50 विद्यार्थी और कर्मचारी सवार बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


'तेज रफ्तार में चला रहा था चालक'
हादसे में घायल आरजीपीवी के सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा सेकेंड ईयर के छात्र सुमित पवार ने बस चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। सुमित के मुताबिक, मंगलवार सुबह बस निर्धारित समय से करीब आधा घंटा देरी से चल रही थी। इसके बाद चालक ने बस की रफ्तार बढ़ा दी।

सुमित ने बताया कि वीआईपी रोड पर मोड़ के दौरान बस का अगला टायर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस बिजली के खंभे से टकरा गई। छात्र के अनुसार, हादसे से करीब दो मिनट पहले ही उन्होंने अपने एक परिचित को मैसेज करके चालक के लापरवाही से बस चलाने की जानकारी दी थी। सुमित माता मंदिर क्षेत्र से बस में सवार हुए थे।

बसंत के हाथ में फ्रैक्चर, छात्रा की आंख के ऊपर चोट
हादसे में घायल विद्यार्थियों में बसंत के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि खुशी नाम की छात्रा की आंख के ऊपर चोट आई है। एक अन्य विद्यार्थी को गंभीर चोट लगने की जानकारी भी सामने आई है। बस में ड्यूटी पर तैनात तीन स्टाफ सदस्य भी घायल हुए हैं। अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

घायलों को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक छात्र को सर्जरी की जरूरत पड़ने की आशंका जताई गई है। घायलों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने 11 से 12 लोगों के घायल होने की बात कही, जबकि कुछ रिपोर्टों में यह संख्या करीब 15 बताई गई है। अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

'चालक की लापरवाही की होगी जांच'
हादसे पर आरजीपीवी के कुलगुरु आलोक शर्मा ने कहा कि दुर्घटना में कई विद्यार्थी घायल हुए हैं। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक छात्र को सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि चालक की लापरवाही के पहलू की जांच कराई जाएगी। विश्वविद्यालय का ट्रांसपोर्ट विभाग भी मामले की समीक्षा करेगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (यूआईटी) के निदेशक विनय थापर सहित प्रबंधन के अधिकारियों ने भी घायलों के उपचार की जानकारी ली। प्रबंधन ने घायलों की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।

'सामने अचानक आ गया था व्यक्ति'
कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक, वीआईपी रोड के मोड़ पर बस की गति अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।


पुलिस के अनुसार, चालक ने शुरुआती पूछताछ में दावा किया कि बस के सामने अचानक एक व्यक्ति आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई। हालांकि, विद्यार्थियों ने चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है। बस की गति, चालक की भूमिका और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की पड़ताल के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed