{"_id":"64747d9051318f04cd0fe0c5","slug":"mp-politics-rahul-gandhi-says-will-win-150-seats-in-mp-shivraj-singh-chouhan-vd-sharma-react-2023-05-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP Politics: राहुल का दावा- मध्य प्रदेश में 150 सीटें जीतेंगे, शिवराज ने बताया इसे 'ख्याली पुलाव'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP Politics: राहुल का दावा- मध्य प्रदेश में 150 सीटें जीतेंगे, शिवराज ने बताया इसे 'ख्याली पुलाव'
Mon, 29 May 2023 04:53 PM IST
रवींद्र भजनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल/नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल/नई दिल्ली
Published by: रवींद्र भजनी
Updated Mon, 29 May 2023 04:53 PM IST
सार
मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों की तैयारी के तौर पर दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इसके बाद राहुल गांधी ने दावा किया कि हम मध्य प्रदेश में कर्नाटक को रिपीट करने जा रहे हैं। 150 सीटें जीतेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे ख्याली पुलाव बताया है।
विज्ञापन
shivraj and rahul
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ केंद्रीय नेतृत्व ने सोमवार को गहन मंथन किया। चार-पांच महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति को अंतिम रूप दिया। बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि हम मध्य प्रदेश में कर्नाटक को रिपीट करने जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में 150 सीटें जीतेंगे। हालांकि, भाजपा ने इस पर चुटकी ली है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे ख्याली पुलाव बताया तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मुंगेरीलाल के हसीन सपने।
विज्ञापन
विज्ञापन
दरअसल, दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित सभी वरिष्ठ नेताओँ के साथ चुनावी कार्य योजना बनाने के लिए बैठक की। बैठक के बाद राहुल गांधी ने पत्रकारों से कहा कि मध्य प्रदेश को लेकर हमारा लंबा-चौड़ा डिस्कशन हुआ। हमें 136 सीटें कर्नाटक में मिली है और हमारा इंटरनल असेसमेंट है कि मध्य प्रदेश में 150 सीटें मिलने जा रही है। कर्नाटक को हम रिपीट करने वाले हैं। मुख्यमंत्री का चेहरा क्या कमलनाथ होंगे? इस सवाल पर राहुल ने जवाब टाल दिया और बोले कि हमारी 150 सीटें आने वाली हैं।
विज्ञापन
कमलनाथ बोले- हम एकता के साथ चुनाव लड़ेंगे
कमलनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। चुनावों में चार-साढ़े चार महीने बचे हैं। चुनावों के लिए कैसी रणनीति बनाई जाए? मध्य प्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए? इस पर चर्चा हुई। यह प्रश्न केवल कांग्रेस का नहीं है बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के भविष्य का सवाल है। कैसा मध्य प्रदेश हम चाहते हैं? क्या-क्या मुद्दे हमारे होंगे? किस आधार पर हम चुनाव लड़ेंगे? इन पर भी चर्चा हुई। हम सब एकता के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे।
शिवराज-वीडी ने किया राहुल पर हमला
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मन के बहलाने को (राहुल) बाबा ख्याल अच्छा है। मध्य प्रदेश में भाजपा 200 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्हें ख्याली पुलाव पकाने हैं तो पकाते रहे। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने में किसी का कुछ जाता नहीं है। राहुल गांधी कांग्रेस की चिंता करें। विधानसभा चुनाव में हम 200 पार के नारे को साकार करेंगे। बंटाधार सरकार और कमलनाथ सरकार ने गरीबों के हक को छीना था। 2023 के चुनाव में भाजपा इतिहास बनाएगी।
