{"_id":"656dcfa289546fe83401d935","slug":"mp-election-results-2023-ladli-behna-scheme-impact-on-voting-shivraj-singh-chouhan-2023-12-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP Election Results: लाड़ली बहना या कुछ और? जिन 34 सीटों पर महिलाओं ने ज्यादा वोटिंग की उनमें 26 पर भाजपा जीती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP Election Results: लाड़ली बहना या कुछ और? जिन 34 सीटों पर महिलाओं ने ज्यादा वोटिंग की उनमें 26 पर भाजपा जीती
Mon, 04 Dec 2023 06:44 PM IST
रवींद्र भजनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: रवींद्र भजनी
Updated Mon, 04 Dec 2023 06:44 PM IST
सार
MP Election Result 2023: मध्य प्रदेश में भाजपा की बम्पर जीत का श्रेय लाड़ली बहना योजना को दिया जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि महिलाओं ने भाजपा के पक्ष में वोटिंग की। हकीकत तो यह है कि जिन 34 सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा वोटिंग की, वह सभी भाजपा की झोली में नहीं गई है।
विज्ञापन
महिलाओं के साथ सेल्फी खिंचवाते शिवराज।
- फोटो : अमर
विस्तार
मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भाजपा की बम्पर जीत का श्रेय लाड़ली बहना योजना को दिया जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि महिलाओं ने भाजपा के पक्ष में जमकर वोटिंग की। इसकी हकीकत जानने के लिए जब आंकड़ों की पड़ताल की तो पता चला कि 230 में से 34 सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों से अधिक वोटिंग की थी। इन सीटों में से 26 पर भाजपा को और आठ पर कांग्रेस को जीत मिली है। इसमें भी खास बात यह है कि इन 34 सीटों में से जिन 13 सीटों पर महिला-पुरुष वोटिंग का प्रतिशत 5% से अधिक था, उनमें से 10 पर भाजपा और तीन पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
विज्ञापन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फरवरी में मध्य प्रदेश में बजट से पहले ही लाड़ली बहना योजना की घोषणा की थी। इसके बाद योजना के तहत रजिस्ट्रेशन हुए। करीब 1.31 करोड़ महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है और हर महीने की दस तारीख को उनके खाते में 1,250 रुपये सरकार की तरफ से आ रहे हैं। शिवराज ने यह भी वादा किया है कि इस राशि को वह बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह तक लेकर जाएंगे।
विज्ञापन
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 17 नवंबर को मध्य प्रदेश में मतदान हुआ था। कुल 77.15% वोटिंग हुई। इसमें भी पुरुषों का मत प्रतिशत 78.21% रहा जबकि 76.03% महिला वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग किया। करीब 34 सीटें ऐसी हैं जहां महिलाओं ने पुरुषों से अधिक वोटिंग की है। यह बात अलग है कि 2018 में 51 सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया था। पिछले 20 साल में महिलाओं की मतदान में भागीदारी लगातार बढ़ी है। 2003 में 62.14% महिला वोटरों ने मतदान किया था, जो 2023 में बढ़कर 76.03% हो गया। चुनावों में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 14% बढ़ी है।
विज्ञापन
2013 के बाद सबसे ज्यादा महिला विधायक
इस बार विधानसभा में 2018 से ज्यादा महिला विधायक मौजूद रहेंगी। 2013 में 30 विधायक चुनी गई थी। 2018 में इनकी संख्या घटकर 21 रह गई थी। इस बार मध्य प्रदेश में 27 महिला विधायक निर्वाचित हुई हैं। भाजपा ने 21 महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया था। इनमें से 21 ने चुनाव जीता है। कांग्रेस ने 29 महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया था। इनमें से पांच जीतकर सदन में पहुंच गई हैं।
| जिन सीटों पर महिलाओं ने ज्यादा वोटिंग की, वहां कौन जीता | |||
|---|---|---|---|
| विधानसभा सीट | % महिलाओं ने
अधिक वोटिंग की |
जीता कौन | मार्जिन |
| सिंहावल | 11.91% | भाजपा | 16478 |
| चुरहट | 9.24% | कांग्रेस | 27777 |
| मउगंज | 8.35% | भाजपा | 7174 |
| अमरपाटन | 7.75% | कांग्रेस | 6490 |
| धौहनी | 7.32% | भाजपा | 3321 |
| देवतालाब | 7.10% | भाजपा | 24386 |
| त्योंथर | 6.94% | भाजपा | 4746 |
| सिरमौर | 6.81% | भाजपा | 13790 |
| सीधी | 6.41% | भाजपा | 35418 |
| मनगवां | 6.24% | भाजपा | 31912 |
| ब्योहारी | 6.23% | भाजपा | 26482 |
| सेमरिया | 5.50% | कांग्रेस | 637 |
| चित्रकूट | 5.35% | भाजपा | 6670 |
| गुढ़ | 4.55% | भाजपा | 2493 |
| चितरंगी | 2.72% | भाजपा | 59879 |
| मैहर | 2.40% | भाजपा | 21394 |
| लांजी | 2.24% | भाजपा | 2773 |
| रामपुर बघेलान | 2.22% | भाजपा | 22581 |
| जयसिंहनगर | 2.13% | भाजपा | 37951 |
| मानपुर | 2.03% | भाजपा | 25265 |
| विजयराघवगढ़ | 1.79% | भाजपा | 24346 |
| नागोद | 1.60% | भाजपा | 17369 |
| बैहर | 1.28% | कांग्रेस | 551 |
| पन्ना | 1.16% | भाजपा | 17910 |
| भोपाल दक्षिण पश्चिम | 1.05% | भाजपा | 15833 |
| परसवाड़ा | 1.01% | कांग्रेस | 25948 |
| पवई | 0.70% | भाजपा | 22043 |
| रायगांव | 0.63% | भाजपा | 36060 |
| जैतपुर | 0.31% | भाजपा | 31705 |
| निवास | 0.25% | कांग्रेस | 9723 |
| अनूपपुर | 0.15% | भाजपा | 20419 |
| सिहोरा | 0.13% | भाजपा | 42772 |
| पुष्पराजगढ़ | 0.10% | कांग्रेस | 4486 |
| बिछिया | 0.01% | कांग्रेस | 11065 |
