MP Politics: सीएम शिवराज का राहुल पर तंज, बोले- जिनके नेता पहिये वाला सूटकेस सिर पर लेकर घूमे उनका क्या होगा
मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर तंज किया। उन्होंने कहा कि अब जिनके नेता पहिये वाला सूटकेस सर पर लेकर घूमे तो उनका क्या होगा। चौहान ने कुशाभाऊ सभागार में मीडिया को संबोधित करते हुए यह बात कहीं।
विस्तार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कुशाभाऊ सभागार में मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान राहुल गांधी पर तंज कसा। सीएम ने कहा कि अब जिनके नेता पहिये वाला सूटकेस सर पर लेकर घूमे उनका क्या होगा। उन्होंने कहा कि हम तो जनता की सेवा करने का काम कर रहे हैं। जनता से आशीर्वाद लेने उनके बीच जा रहे हैं। हमें जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। कांग्रेस को नाम नहीं मिला तो वे आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं। इसको सुनकर ही मन विचलित हो जाता है। सीएम ने दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह जन आक्रोश यात्रा के पोस्टर से गायब और कमलनाथ तो यात्रा से ही गायब हैं। इनके कार्यकर्ता आपस में लड़ रहे हैं, लठ, बंदूकें निकाल रहे हैं। भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि 25 सितंबर को होने जा रहे कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रधानमंत्री मोदी विजय का संकल्प दिलाएंगे।
कमलनाथ मौनी बाबा बन जाते हैं
सीएम ने विपक्ष के इंडिया गठबंधन के नेताओं के सनातन का अपमान करने पर कमलनाथ को घेरा। शिवराज ने कहा कि जब वोट लेना है तो कमलनाथ मौनी बाबा बन जाते हैं। ढोंगी बाबा बन जाते हैं। गठबंधन ने सनातन धर्म को लेकर सवाल खड़े किए। सनातन के खिलाफ बोलने वालों से आपने कुछ क्यों नहीं कहा। आपको जनता जवाब देगी।
कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश
सीएम ने कहा कि हम एकात्म यात्रा निकालते हैं, स्नेह यात्रा निकालते हैं, जन आशीर्वाद यात्रा निकालते हैं, कांग्रेसी जन आक्रोश यात्रा निकालते हैं। कांग्रेस के खिलाफ ही जनता में आक्रोश है। इसलिए 2003 से अब तक उबर नहीं पाई कांग्रेस। मिस्टर बंटाढार इसलिए फ्रंट पर नहीं आते। कई बार तो वो खुद ही कहते हैं कि मैं जाऊंगा तो वोट नहीं मिलेंगे। यह आक्रोश कांग्रेस के खिलाफ है। जो बदहाली 2003 के पहले रहती थी। जब कमलनाथ जी 2019 में आए तो उन्होंने क्या किया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार की सारी योजनाएं बंद कर दी थीं।
सीएम ने बताया इसलिए है आक्रोश
उन्होंने संबल योजना बंद करने का पाप किया, इसलिए उनके खिलाफ आक्रोश है। उन्होंने हमारे बेटा-बेटी से लैपटॉप छीन लिए, उन्होंने बैगा, भारिया और सहरिया जनजाति की जो अत्यंत पिछड़ी जनजाति से मेरी बहनें आती थीं, उनको आहार अनुदान के 1000 रुपए तक छीन लिए थे इसलिए उनके खिलाफ आक्रोश है। कमलनाथ जी ने कन्याओं की शादी तो की, लेकिन विदाई के बाद साल भर हो गया। कई जगह तो भांजे भांजी भी आ गए, लेकिन कमलनाथ जी का पैसा नहीं गया।
जन आशीर्वाद यात्रा में एक करोड़ से ज्यादा लोग हुए शामिल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जन आशीर्वाद यात्राओं को लेकर कहा कि जनता का अपार समर्थन यात्राओं को मिला। 21 दिनों में पांच जन आशीर्वाद यात्राएं 223 विधानसभाओं तक पहुंची हैं। इन यात्राओं ने 10880 किलोमीटर की दूरी तय की। 2500 से अधिक स्थानों पर यात्रा का स्वागत हुआ। नेताओं ने 750 स्थानों पर रथसभाएं एवं 250 स्थानों पर बड़ी मंच सभाओं को संबोधित किया, जिनमें 1 करोड के लगभग लोगों की सहभागिता रही।
8 लाख 40 हजार 784 बहनों ने ली भाजपा की सदस्यता
वीडी शर्मा ने कहा कि यात्रा के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश के मन में मोदी नाम से सदस्यता अभियान की शुरुआत की थी, जिसमें पार्टी से युवाओं और नए सदस्यों को जोड़ने का काम किया गया। इस अभियान के अंतर्गत आज तक 23 लाख 65 हजार 711 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली है, जिसमें 8 लाख लोगों ने पुनः रजिस्ट्रेशन कराया और 14 लाख, 11 हजार, 754 नए सदस्यों ने पहली बार भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। देश एवं प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के साथ महिलाओं को अधिकार संपन्न बनाने का जो काम किया है, उसका परिणाम भी इस अभियान में दिखाई दिया। अभियान के दौरान 8 लाख 40 हजार 784 बहनों ने पार्टी की सदस्यता ली, जो कुल सदस्यता का 65 प्रतिशत है। शर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान जन आकांक्षा पेटियों के माध्यम जनता से सुझाव लिए गए, जिनको घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।
सवाल-जवाब
स्वार्थी लोग पार्टी छोड़कर जा रहे
नेताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि हमें तो जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। यह महत्वपूर्ण है। ऐसी एक-दो बात कुछ जगह हो सकती है। मानवीय स्वभाव है। सबको टिकट नहीं दिया जा सकता है। शर्मा ने कहा कि कुछ स्वार्थी लोग छोड़कर जा रहे हैं।
जल्द दूरी लिस्ट जारी होगी
भाजपा की दूसरी लिस्ट को लेकर पूछे सवाल पर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी दल ने इतने समय पहले लिस्ट घोषित की है। दूसरी लिस्ट पर विचार-विमर्श चल रहा है। जल्द ही दूसरी लिस्ट आ जाएगी।
महिला सशक्तिकरण के लिए काम करती है
प्रदेश के आगामी चुनाव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अनुसार टिकट देने को लेकर पूछे सवाल पर सीएम शिवराज ने कहा कि लागू होने पर दिया जाएगा। वहीं, वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा नारी शक्ति को आगे बढ़ाने को लेकर हमेशा प्रयासरत रही है। इसको लेकर हम काम भी करते हैं। आगे भी यह देखने को मिलेगा।
भाजपा अब तक की सबसे बड़ी सफलता प्राप्त करेगी
2023 में होने चुनाव को लेकर सीएम शिवराज ने कहा कि 2018 में वोट ज्यादा लेकर हम पिछड़ गए थे, लेकिन इस बार अप्रत्याशित नतीजे आएंगे। मेरा अपना विश्वास है। अब तक की सबसे बड़ी सफलता भाजपा प्राप्त करेगी। वहीं, उन्होंने पहली लिस्ट के प्रत्याशियों के फीडबैक को लेकर कहा कि अपने चुनाव प्रचार के काम में पार्टी के सब कार्यकर्ताओं के साथ लगे हुए हैं। प्रत्याशियों का फीडबैक बहुत अच्छा है। उनको भी जनता का भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है।
सीएम बोले- मेरा चुनाव जनता लड़ेगी
आगामी विधानसभा चुनाव में 150 पार, 200 पार, आर पार जैसी लड़ाई जैसी बातें सामने आ रही हैं तो क्या मुख्यमंत्री जी पूरी 230 सीटों पर चुनाव जिताने में बिजी रहेंगे या अपना चुनाव भी लड़ेंगे। इस सवाल पर सीएम ने कहा कि मैं अभी तक अगर आप देखेंगे 3-4 महीने में तो पूरे प्रदेश को मैंने मथ दिया है हर जिले की कई सीटों पर मैं गया हूं और आगे भी मेरी कोशिश होगी कि मैं 230 सीटों पर जाऊं मैं कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। उन्होंने अपने चुनाव लड़ने पर कहा कि मेरा चुनाव जनता लड़ेगी।
