MahaKumbh Traffic: महाकुंभ के रास्ते एमपी में न लगे जाम, सीएम मोहन यादव ने अचानक बुलाई बैठक
अब मध्यप्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में खास इंतजाम किए जा सकते हैं। इसके लिए मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव ने चार जिलों के अधिकारियों की बैठक बुला ली है।
विस्तार
प्रयागराज में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस वजह से उत्तर प्रदेश के सटे राज्यों में वाहनों को रोका जा रहा है, जिससे अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों का दवाब प्रयागराज में कम किया जा सके।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव भी अलर्ट मोड पर हैं। सोमवार दोपहर में अचानक यूपी के सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों की बैठक सीएम ने बुलाई और पूरी स्थिति की समीक्षा की है। इसके बाद माना जा रहा है कि श्रद्धालुओं के लिए एमपी सरकार कुछ और खास इंतजाम करने जा रही है।
सीएम ने सोमवार को अपील किया और कहा कि रीवा के रास्ते प्रयागराज महाकुंभ जा रहे देश भर के श्रद्धालुओं की मदद करने के उद्देश्य से एमपी बीजेपी के कर्मठ कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों भोजन, पानी, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था करें। इसमें प्रशासन भी सहयोग करेगा। तीर्थ यात्रियों की सेवा में लगे संगठनों का उन्होंने अभिनंदन भी किया।
जाम से बचाने और उनकी अन्य समस्याएं दूर करने कांग्रेसजन मदद करें : जीतू पटवारी
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा है कि कुंभ मेले में भाग लेने प्रयागराज जा रहे एवं वहां से वापस लौट रहे नागरिकों जिसमें बच्चे, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग बहुत ज्यादा भीड़ होने के कारण जाम में फंसे हुए हैं। उनको खाने-पीने सहित अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उनकी हर संभव मदद करें।
पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश के विभिन्न मार्गों से चाहे विंध्य क्षेत्र हो, चित्रकूट हो, कटनी से जबलपुर होते हुए श्रद्धालु प्रयागराज कुंभ मेले जा रहे हैं और वहां से वापस लौट रहे हैं। इससे 50-50 किलोमीटर तक लंबा जाम लगा हुआ है और मध्यप्रदेश सहित अन्य प्रदेशों के लोग जाम में फंसे हुए हैं और उन्हें खाने-पीने सहित अन्य समस्याओं का सामाना करना पड़ा रहा है। प्रशासन द्वारा भी लोगों के जाम में फंसे होने की लगातार खबरे आ रही हैं और प्रशासन भी बार-बार श्रद्धालुओं से आग्रह कर रहा है कि जाम के चलते अभी कुंभ मेले में शामिल होने के लिए न पहुंचे।
पटवारी ने प्रदेश के सभी कांग्रेसजनों से आग्रह करते हुए कहा कि हम सभी का दायित्व बनता है कि प्रयागराज कुंभ मेले में शामिल होने और वापस आने वाले श्रद्धालुओं को जाम से निकालने और उनकी खाने-पीने सहित अन्य समस्याओं से निजात दिलाने के लिए हम सभी श्रद्धालुओं और प्रशासन का सहयोग करें। प्रत्येक कांग्रेसजन कुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करें, जो भी संभव हो सके श्रद्धालुओं की मदद करें। भीड़ से निकालने में उनका सहयोग करें, जो सभी के लिए सुगम होगा।
