{"_id":"6ad867f922c0a61db80a92ef","slug":"bhopal-habibganj-police-station-turns-into-a-battleground-as-history-sheeter-and-cops-clash-2026-10-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"भोपाल: हबीबगंज थाना परिसर बना अखाड़ा, निगरानीशुदा बदमाश और पुलिस के बीच झूमाझटकी, जानें क्या है मामला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भोपाल: हबीबगंज थाना परिसर बना अखाड़ा, निगरानीशुदा बदमाश और पुलिस के बीच झूमाझटकी, जानें क्या है मामला
Wed, 21 Oct 2026 12:51 PM IST
भोपाल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: भोपाल ब्यूरो
Updated Wed, 21 Oct 2026 12:51 PM IST
सार
भोपाल के हबीबगंज थाने में ऑटो पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात हाथापाई तक पहुंच गया। निगरानीशुदा बदमाश और पुलिसकर्मियों के बीच झूमाझटकी का वीडियो वायरल हो रहा है। विवाद के बाद आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
थाना परिसर में निगरानीशुदा बदमाश और पुलिस के बीच हाथापाई
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिस थाने में विवाद सुलझाने और कानून का पालन कराने की जिम्मेदारी होती है, वहीं मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पुलिसकर्मियों और निगरानीशुदा बदमाश लड्डू राय के बीच जबरदस्त झूमाझटकी और हाथापाई हो गई।
विज्ञापन
हबीबगंज थाना परिसर में हुए इस घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी कुछ लोगों को पकड़कर अलग करते और पीछे हटाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक के साथ मारपीट जैसी हरकत भी नजर आ रही है। शुरुआती विवाद ऑटो खड़े करने की जगह को लेकर हुआ था लेकिन दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि थाने का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ऑटो खड़े करने की जगह को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर हबीबगंज थाने पहुंचे। पुलिसकर्मी दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान निगरानीशुदा बदमाश लड्डू राय पांच-छह लोगों के साथ थाने पहुंच गया। लड्डू पर आरोप है कि उसने वहां पहले से मौजूद एक पक्ष के लोगों को धमकाया और बाहर निकलने पर देख लेने की बात कही।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: इंदौर: सूदखोरों से परेशान कैटरिंग कारोबारी लापता, कमरे में मिले खत से सनसनी, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
पुलिस के मुताबिक थाने में पहले से ही शिकायतों पर कार्रवाई चल रही थी। इसी बीच पुलिसकर्मियों ने लड्डू राय को बाहर जाने के लिए कहा। इस बात पर विवाद बढ़ गया और दोनों तरफ से धक्का-मुक्की होने लगी। सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी लोगों को पकड़कर एक-दूसरे से अलग करते दिखाई दे रहे हैं।
निगरानीशुदा बदमाश है लड्डू राय
लड्डू राय हबीबगंज थाने का निगरानीशुदा बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट, जुए और धारा 308 से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी भी दी गई है। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
