एमपी: एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली राज्यसभा सीट पर उपचुनाव का एलान, 12 नवंबर को होगा मतदान
मध्य प्रदेश की खाली हुई राज्यसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख तय हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक इसके लिए 12 नवंबर को मतदान होगा। 26 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
विस्तार
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की खाली सीट पर उपचुनाव का एलान हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद 14 अक्टूबर को मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट रिक्त हुई थी। अब इस सीट पर 12 नवंबर को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी।
निर्वाचन आयोग की ओर से गुरुवार को जारी कार्यक्रम के मुताबिक उपचुनाव की अधिसूचना 26 अक्टूबर को जारी होगी। उम्मीदवार 2 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
ये भी पढ़ें: इंदौर: ड्राइविंग लाइसेंस के लिए कैमरे से होगी निगरानी, फर्जीवाड़ा रोकने के लिए कल से बदलेंगे आरटीओ के नियम
12 नवंबर को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक मतदान
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
14 अक्टूबर को खाली हुई थी सीट
पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने 14 अक्टूबर को राज्यसभा से इस्तीफा दिया था। इसके बाद मध्य प्रदेश से राज्यसभा की यह सीट रिक्त हो गई। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। अब इस रिक्त सीट को भरने के लिए निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है।
