{"_id":"6ae018da3a97d068fb03865e","slug":"betul-three-more-held-in-1-14-crore-bank-fraud-minor-allegedly-used-to-route-funds-to-five-accounts-2026-10-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"बैतूल: बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 1.14 करोड़ की धोखाधड़ी, नाबालिग के जरिए 5 खातों में रकम ट्रांसफर, 3 और गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बैतूल: बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 1.14 करोड़ की धोखाधड़ी, नाबालिग के जरिए 5 खातों में रकम ट्रांसफर, 3 और गिरफ्तार
Tue, 27 Oct 2026 08:52 AM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बैतूल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बैतूल
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Tue, 27 Oct 2026 08:52 AM IST
सार
बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मोरखा शाखा में कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि एक नाबालिग के जरिए पांच अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर किए गए।
विज्ञापन
हिरासत में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मोरखा शाखा में हुई 1 करोड़ 14 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की गहन छानबीन करते हुए आरोपी शैलेंद्र सोनी, मिथिलेश सोनी और मयंक सोनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि एक नाबालिग के जरिये पांच अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये की रकम ट्रांसफर की गई थी। धोखाधड़ी के इस मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
धोखाधड़ी का तरीका और केस दर्ज
पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले में खाताधारकों की बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी का कथित रूप से दुरुपयोग किया गया। आरोपियों ने पहले खाताधारकों के खातों में दर्ज पंजीकृत मोबाइल नंबरों को बदला। इसके बाद ग्राहकों के खातों में जमा फिक्स्ड डिपॉजिट की रकम को चालाकी से दूसरे खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है। जब खाताधारकों को इस मामले का पता चला तो उन्होंने शिकायत की। खाताधारकों की शिकायत के आधार पर बोरदेही थाने में छह अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मामले में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त कर लिए हैं।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: उमरिया: आधी रात घर में फेंका विस्फोटक, धमाके से युवती गंभीर घायल; तीन आरोपी गिरफ्तार
विज्ञापन
बैंक खातों में रकम का हस्तांतरण
पुलिस जांच में विभिन्न खातों में ट्रांसफर हुई रकम की विस्तृत जानकारी सामने आई है। बैंक के सहायक प्रबंधक लुकेश गोखे की मां शीला गोखे के खाते में 17 लाख 15 हजार 144 रुपये ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है। सहायक प्रबंधक लुकेश गोखे के अपने खाते में भी 1.78 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। वहीं मामले में नए गिरफ्तार आरोपी मयंक सोनी के बैंक खाते में 1 लाख 45 हजार 800 रुपये की रकम ट्रांसफर किए जाने की पुष्टि हुई है।
वित्तीय लेनदेन और नेटवर्क की पड़ताल
पुलिस जांच में अन्य दो आरोपियों के खातों का ब्योरा भी मिला है। आरोपी मिथिलेश सोनी के खाते में 61 हजार रुपये और शैलेंद्र सोनी के खाते में 1 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मोरखा शाखा में सामने आए इस प्रकरण में पुलिस पहले भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर चुकी है। तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस कथित धोखाधड़ी की रकम के इस्तेमाल, दूसरे बैंक खातों में हुए लेनदेन और संभावित रूप से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
