{"_id":"644bb89eec88cf0c3c0dae85","slug":"bandhavgarh-tiger-reserve-dead-body-found-in-tiger-reserve-two-injured-in-leopard-attack-2023-04-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bandhavgarh Tiger Reserve: टाइगर रिजर्व में मिली लाश, तेंदुए के हमले से दो घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bandhavgarh Tiger Reserve: टाइगर रिजर्व में मिली लाश, तेंदुए के हमले से दो घायल
Fri, 28 Apr 2023 05:44 PM IST
रवींद्र भजनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
Published by: रवींद्र भजनी
Updated Fri, 28 Apr 2023 05:44 PM IST
सार
मध्यप्रदेश के उमरिया में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगल में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवर के हमले में युवक की जान गई है। वहीं, जिले में तेंदुए के हमले से दो लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
उमरिया में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मिली लाश।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र से लाश बरामद हो गई है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आशंका है कि किसी जंगली जानवर ने युवक की जान ली है। हालांकि, पुष्टि के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
विज्ञापन
सुरक्षाकर्मी शुक्रवार दोपहर को गश्त लगा रहे थे। इस दौरान उन्हें जंगल में अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए हैं। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। मामला बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर रेंज के मंझौली बीट का है। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि पतौर से पनपथा मार्ग के बीच आने वाले मंझौली गांव में पीडब्ल्यूडी के डामर रोड किनारे लाश मिली है। पतौर रेंज टीम ने पनपथा और ताला टीमों के साथ मिलकर लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में पोस्टमॉर्टम कराया गया है। अब तक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हुई है। पीएम रिपोर्ट में ही समझ आएगा कि किसी ने युवक को मारकर जंगल में फेंका है या किसी जंगली जानवर के हमले में उसकी जान गई है।
विज्ञापन
तेंदुए के हमले से दो ग्रामीण घायल
उमरिया जिले के नौरोज़ाबाद थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत धनवार बिरियाहा मोहल्ला में सुबह आठ बजे के लगभग रामजी बैगा और आसाराम बैगा शौच के लिए नाले की तरफ गए थे। वहां झाड़ियों के बीच छिपे तेंदुए ने दोनों पर हमला कर दिया। एक के हाथ में और दूसरे के पैर पर चोट लगी है। शोर-शराबा करने पर तेंदुआ भाग गया। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। उनका इलाज जारी है. करकेली तहसीलदार रमेश रावत, उमरिया रेंजर योगेश गुप्ता, वन विभाग के एसडीओ कुलदीप त्रिपाठी समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तेंदुए की सर्चिंग शुरू कर दी। तेंदुए का मूवमेंट होने की जानकारी सरपंच मंगल सिंह और सचिव संतोष तिवारी को दी गई। पटाखे भी फोड़े गए लेकिन तेंदुए का पत नहीं चला। सर्चिंग के दौरान पुलिस और वन विभाग के अमले को तैनात किया गया था। वन विभाग ने घायलों को एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है।
विज्ञापन
