MP News: राजगढ़ से 25 लाख की जेसीबी चुराई, राजस्थान के कोटा में 4 लाख में बेची, खरीदार फरार, 3 आरोपी गिरफ्तार
MP News: राजगढ़ जिला मुख्यालय में बीते दिनों अज्ञात चोर 25 लाख रुपये कीमत की जेसीबी चुराकर ले गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने इसे राजस्थान के कोटा में जाकर बेच दिया, जिसे पुलिस ने बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं जेसीबी खरीदने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
विस्तार
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद है की वे दो पहिया वाहन चोरी करने के साथ साथ खुले स्थान पर खड़े रहने वाले चार पहिया और भारी वाहनों को भी नही छोड़ रहे है। ऐसा ही एक मामला राजगढ़ जिला मुख्यालय से निकलकर सामने आया है, जहां से बीते दिनों अज्ञात चोर 25 लाख रूपये कीमत की जेसीबी चुराकर ले गए। और राजस्थान के कोटा में उसे बेच दिया,जिसे पुलिस ने बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है,वही जेसीबी खरीदने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस के मुताबिक 30 नवंबर को फरियादी जगदीश सौंधियां ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि राजगढ़ शहर के पुरोहित पेट्रोल पंप पर खड़ी हुई उसकी जेसीबी को अज्ञात चोर चुराकर ले गए। जिसकी शिकायत पर पुलिस ने धारा 379 IPC के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी
उक्त प्रकरण की विवेचना के दौरान CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने 3 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की गई। जिसमें उन्होंने जेसीबी चुराकर राजस्थान के कोटा में मुस्ताक पठान नामक व्यक्ति को 4 लाख 10 हजार रुपये में बेचना कुबूल किया, जिसके आधार पर पुलिस ने राजस्थान के कोटा में दबिश देकर जेसीबी बरामद की, लेकिन खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किए बिना वापस लौट आई। उक्त तीनों आरोपी राहुल पिता रामप्रसाद ,मुकेश पिता मधुलाल और जुझार सिंह पिता मांगीलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
भेजे गए जेल
वहीं कोतवाली थाना प्रभारी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि, उक्त जेसीबी चोरी के मामले में पुलिस की टीम ने 3 संदेहियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की। जिसमें उन्होंने अपन जुर्म कुबूल करते हुए जेसीबी चुराकर राजस्थान में बेचना बताया। उनके कथन के आधार पर जेसीबी राजस्थान के कोटा से जब्त की गई, जहां से खरीदने वाला आरोपी फरार हो गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
