11:41 PM, 07-Mar-2026
दुबई मरीना में टावर को मलबे से नुकसान, एयर डिफेंस ने आसमान से आए खतरे को रोका
दुबई प्रशासन ने पुष्टि की है कि दुबई मरीना इलाके में स्थित एक टावर को मलबे से नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के मुताबिक यह मलबा उस समय गिरा जब एयर डिफेंस सिस्टम ने आसमान से आए एक संभावित खतरे को बीच में ही रोक दिया। इंटरसेप्शन के बाद कुछ टुकड़े नीचे गिरे, जिससे टावर के एक हिस्से को हल्का नुकसान हुआ। प्रशासन ने बताया कि घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को तुरंत घेर लिया और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। जांच एजेंसियां अब घटना के कारण और खतरे की प्रकृति की जांच कर रही हैं।
10:47 PM, 07-Mar-2026
यूएई के राष्ट्रपति ने कहा देश ‘युद्धकाल’ में है
संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने संघर्ष शुरू होने के बाद अपनी पहली सार्वजनिक टिप्पणी में कहा है कि देश युद्धकाल में है। उन्होंने अबू धाबी टीवी पर प्रसारित हमलों के पीड़ितों को संबोधित करते हुए कहा कि यूएई अपने देश, अपनी जनता और अपने निवासियों के प्रति अपने कर्तव्य का पालन करेगा। उन्होंने कहा कि यूएई मजबूत इरादों वाला देश है – हम आसानी से शिकार नहीं बनेंगे।
10:46 PM, 07-Mar-2026
कतर के प्रधानमंत्री और मिस्र के विदेश मंत्री ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चर्चा की
कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जसीम अल थानी ने मिस्र के विदेश मंत्री बदर अब्देलट्टी से फोन पर बात की। कतर के विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों ने क्षेत्र में बिगड़ती सैन्य स्थिति और "क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एवं स्थिरता पर इसके गंभीर प्रभावों" पर चर्चा की। शेख मोहम्मद ने कतर पर हुए हमलों की निंदा की और तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाइयों को तुरंत रोकने और बातचीत की मेज पर लौटने का आह्वान किया। अब्देलट्टी ने भी तनाव कम करने और आगे अराजकता से बचने के लिए बातचीत और राजनयिक माध्यमों का सहारा लेने का आह्वान किया।
10:33 PM, 07-Mar-2026
बहरीन में अमेरिकी अड्डे पर हमला किया गया- ईरान
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा है कि उसने बहरीन के जुफैर में स्थित अमेरिकी अड्डे को ठोस और तरल ईंधन वाली मिसाइलों से निशाना बनाया है। आईआरजीसी ने बताया कि यह हमला क़ेशम में एक विलवणीकरण संयंत्र पर अमेरिकी हमले के जवाब में किया गया था। विदेश मंत्री अराघची ने इससे पहले कहा था कि अमेरिकी हमले के कारण 30 गांवों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है। बहरीन के गृह मंत्रालय ने एक्स पर बताया है कि हवाई हमले के सायरन बज रहे हैं और उसने निवासियों से शांत रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है।
10:30 PM, 07-Mar-2026
ट्रंप ने फिर परमाणु राग अलापा
ईरान पर हमले को जायज ठहराने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर परमाणु राग अलापा है। शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि न चाहते हुए भी ईरान पर हमला करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ईरान परमाणु बनाने के बहुत करीब था। अगर हमला नहीं किया गया तो वह परमाणु बम बना लेता। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान पश्चिम एशिया पर कब्जा कर वहां शासन करने की कोशिश कर रहा है। लेकिन अब ईरान पश्चिम एशिया का दादा नहीं रहा, वह एक हारा हुआ देश बन गया है। उन्होंने कहा कि ईरान कई दशकों तक ऐसा ही रहेगा जब तक वह आत्मसमर्पण नहीं कर देता या पूरी तरह ध्वस्त नहीं हो जाता।
10:22 PM, 07-Mar-2026
हिजबुल्ला ने सफेद के पास स्थित इस्राइली अड्डे पर रॉकेट दागे
हिजबुल्ला ने आज सुबह इस्राइली सैन्य अड्डे पर रॉकेटों से हमला किया। एक बयान में, समूह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने उत्तरी इस्राइल में स्थित ऐन जैतिम अड्डे को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:15 बजे (11:15 जीएमटी) निशाना बनाया। हिजबुल्ला का कहना है कि ये हमले बेरूत के दक्षिणी उपनगरों सहित कई लेबनानी शहरों और कस्बों पर इस्राइली हमलों के जवाब में किए जा रहे हैं।
10:18 PM, 07-Mar-2026
लेबनान पर इस्राइली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 294 हुई
लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज एजेंसी (एनएएनए) ने स्वास्थ्य मंत्रालय के आपातकालीन संचालन केंद्र के हवाले से बताया कि सोमवार, 2 मार्च से अब तक 1,023 लोग घायल हो चुके हैं। एनएएनए के अनुसार, इस्राइल लगातार हवाई हमले कर रहा है और हाल ही में स्थानीय समयानुसार दोपहर 4 बजे (2:00 जीएमटी) नबातीह क्षेत्र के जिबदिन कस्बे पर हमला किया गया।
10:16 PM, 07-Mar-2026
ईरान की चेतावनी- खाड़ी में कोई भी अमेरिकी जहाज आया तो डूबो देंगे
ईरान के एक सैन्य प्रवक्ता ने चेतावनी दी है कि खाड़ी में प्रवेश करने वाले किसी भी अमेरिकी जहाज का अंत समुद्र की गहराई में ही होगा। यह चेतावनी ट्रंप द्वारा इस सप्ताह की शुरुआत में दिए गए उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य से टैंकरों को जितनी जल्दी हो सके सुरक्षा प्रदान करना शुरू कर देगी।
09:58 PM, 07-Mar-2026
ट्रंप बोले- अमेरिका ने ईरान पर हमला कर दुनिया पर एहसान किया
अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है कि ईरान के खिलाफ उनके देश के अभियान की अब तक की प्रगति को 0 से 10 के पैमाने पर 15 अंक दिए जा सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरान पर युद्ध 'एक ऐसी सेवा है जो हम मध्य पूर्व के लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए कर रहे हैं।' उन्होंने अब तक हुए अमेरिकी-इस्राइली हमलों में मारे गए लोगों के बारे में कहा, 'ये बीमार लोग थे, बेहद बीमार लोग।' ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अमेरिकी-इस्राइली हमलों में अब तक 1,330 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
09:54 PM, 07-Mar-2026
ट्रंप बोले- अमेरिका 'शानदार' कार्रवाई कर रहा है
अमेरिकी राष्ट्रपति ने फ्लोरिडा से अपने भाषण की शुरुआत की है, जहां वे विदेशी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई 'शानदार' रही है।