West Asia Live: सऊदी ने ईरानी सैन्य दूत को निकाला; ईरान को ट्रंप का अल्टीमेटम- बिजली संयंत्रों पर दी बड़ी धमकी
Israel Iran War News in Hindi Live: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-ब-दिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहे मोर्चे पर ईरान भी इस्राइल और खाड़ी देशों में मैजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब अपने 23वें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
लाइव अपडेट
ईरान में जासूसी के शक में 25 लोग गिरफ्तार, अमेरिका-इस्राइल से जुड़े होने का आरोप
ईरान ने अमेरिका और इस्राइल के लिए काम करने के आरोप में 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। खुफिया मंत्रालय के अनुसार, मार्काजी प्रांत में 23 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन पर सैन्य ठिकानों की जानकारी साझा करने और देश में अशांति फैलाने की साजिश का आरोप है। वहीं, गोलस्तान प्रांत में दो अन्य लोगों को पुलिस केंद्रों पर हमले की योजना बनाने के आरोप में पकड़ा गया। ईरान ने यह भी दावा किया कि विदेश में बैठे 15 लोगों की गतिविधियों का रिकॉर्ड तैयार कर न्यायपालिका को सौंपा गया है। अधिकारियों ने विदेश में रह रहे ईरानियों को अमेरिका और इस्राइल से जुड़े संगठनों से दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी है।ईरान के नए मिसाइल हमले से दहला इस्राइल, दक्षिणी हिस्सों में सायरन
इस्राइल की सेना ने बताया है कि ईरान की ओर से एक और मिसाइल हमला किया गया है। सेना के मुताबिक यह हमला आधी रात के बाद से अब तक की आठवीं मिसाइल बौछार है। जैसे ही मिसाइलों का पता चला, दक्षिणी इस्राइल के कई इलाकों में सायरन बजने लगे और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए अलर्ट जारी किया गया।रिपोर्ट्स के अनुसार यह हमला लगातार बढ़ते तनाव के बीच हुआ है, जहां ईरान बार-बार मिसाइल हमले कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि दक्षिणी इलाकों में खतरे की चेतावनी जारी की गई है और एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए हैं।
ईरान पर इस्राइल का सख्त संदेश, कहा- घुटनों पर लाकर रहेंगे
अमेरिका में इस्राइल के राजदूत येचिएल लेइटर ने ईरान के खिलाफ कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस्राइल अपनी सैन्य कार्रवाई तब तक जारी रखेगा, जब तक ईरान को “घुटनों पर” नहीं ला दिया जाता। यह बयान ईरान की ओर से डिमोना और अराद शहरों पर किए गए मिसाइल हमलों के बाद आया है।लेइटर ने कहा कि इस्राइल ऐसे देश के साथ नहीं रह सकता जो उसे लगातार खत्म करने की धमकी देता है और पड़ोसी देशों पर बैलिस्टिक मिसाइल दाग रहा है। उन्होंने ईरान पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया और कहा कि ईरान अपनी मिसाइल क्षमता को लेकर दुनिया को गुमराह करता रहा है।
यूएई से भारत के लिए रविवार को 90 उड़ानें अनुसूचित
यूएई से भारत के लिए रविवार को 90 उड़ानें अनुसूचित हैं। इसके साथ ही, सऊदी अरब और ओमान से भी विमानों का आना जारी है। यह जानकारी सरकार की ओर से दी गई। बयान में कहा गया है कि हवाई क्षेत्र के आंशिक रूप से फिर से खुलने के साथ, कतर एयरवेज द्वारा रविवार को भारत के लिए लगभग 9-10 नॉन-शेड्यूल्ड कमर्शियल उड़ानें संचालित किए जाने की उम्मीद है।कुवैत का हवाई क्षेत्र अभी भी बंद है, जबकि जजीरा एयरवेज ने सऊदी अरब के अल कैसुमा हवाई अड्डे से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए उड़ानें शुरू कर दी हैं। इसके अलावा, बहरीन का हवाई क्षेत्र अभी भी बंद है, जबकि गल्फ एयर सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे से भारत के लिए विशेष नॉन-शेड्यूल्ड कमर्शियल उड़ानें संचालित करना जारी रखे हुए है। बयान में कहा गया है कि कुवैत, बहरीन और इराक से उड़ानों पर लगे प्रतिबंधों को देखते हुए, भारतीय नागरिकों की यात्रा सऊदी अरब के रास्ते सुगम बनाई जा रही है।
ईरान को ट्रंप का अल्टीमेटम- बिजली संयंत्रों पर दी बड़ी धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान 48 घंटे में स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पूरी तरह नहीं खोलेगा, तो अमेरिका उसके बिजली संयंत्रों को पूरी तरह से नष्ट कर देगा। ईरान ने इसका जवाब देने की धमकी दी है और कहा कि किसी भी हमले का बदला अमेरिकी और इस्राइली ऊर्जा और बुनियादी ढांचे पर हमलों से लिया जाएगा।
सऊदी ने ईरानी सैन्य दूत को निकाला
सऊदी अरब ने ईरान की लगातार कार्रवाईयों की कड़ी निंदा की है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान द्वारा सऊदी अरब और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों, खासकर खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के देशों और अन्य अरब व इस्लामिक राष्ट्रों पर लगातार किए जा रहे हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।
मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि इन हमलों में सऊदी अरब की संप्रभुता, नागरिक इलाक़े, नागरिकों, आर्थिक हितों और कूटनीतिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। सऊदी अरब इसे सभी अंतरराष्ट्रीय संधियों और पड़ोसी देशों के साथ अच्छे रिश्तों के सिद्धांतों का उल्लंघन मानता है। सऊदी अधिकारियों ने यह भी कहा कि ईरान की सैन्य गतिविधियां "बीजिंग समझौता" और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 (2026) के प्रत्यक्ष उल्लंघन में आती हैं।
इस्राइल ने लेबनान में जमीनी हमले तेज किए
इस्राइली सेना ने कहा है कि दक्षिण लेबनान में उसका जमीनी अभियान जारी है और उसने कई हिजबुल्ला ठिकानों पर हमला किया। सेना के अनुसार, कम से कम 10 हिजबुल्ला लड़ाके मारे गए, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि ये हमले कब और कहां हुए। इस दौरान रिपोर्ट्स में कहा गया कि खियम और तैयबेह जैसे रणनीतिक शहरों के आसपास भारी संघर्ष हुआ। हिजबुल्लाह ने दावा किया कि उसने रातभर कम से कम 12 हमले किए, जिनमें कई रॉकेट हमले भी शामिल थे।
ईरान के मिसाइल हमले के बाद मध्य इस्राइल में धमाके
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईरान द्वारा इस्राइल पर मिसाइल हमले के बाद मध्य इस्राइल में धमाके सुने गए। मीडिया ने बताया कि ये धमाके ईरान से दागी गई मिसाइलों के कुछ ही समय बाद हुए। फिलहाल, किसी के घायल होने या नुकसान की खबर नहीं है।
ईरानी सेना का दावा- तेहरान में अमेरिकी-इस्राइली ड्रोन ढेर
ईरानी सेना ने घोषणा की है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान के ऊपर एक अमेरिकी-इस्राइली हथियारबंद ड्रोन को हवा में ही मार गिराया, इससे पहले कि यह कोई हमला कर पाता। यह जानकारी ईरानी समाचार एजेंसी ने दी। ईरानी सेना ने बताया कि हाल की जंग के दौरान अब तक 127 उन्नत ड्रोन को उनकी वायु रक्षा प्रणाली ने निशाना बनाकर नष्ट कर दिया है। इससे पहले, आईडीएफ ने तेहरान पर नए हमलों की शुरुआत करने की घोषणा की थी। शहर के लोग इसकी ओर-पूर्व और पश्चिम दिशा में जोरदार विस्फोट की आवाज सुनने की भी पुष्टि कर रहे हैं।
इराक ने 24 घंटों में अमेरिकी ठिकानों पर 21 हमले किए
इराक की संगठन इराक में इस्लामी प्रतिरोध ने कहा है कि उसने पिछले 24 घंटे में देश और आसपास के क्षेत्रों में अमेरिकी ठिकानों पर 21 हमले किए हैं। संगठन ने बताया कि इन हमलों में उसने कई ड्रोन और रॉकेट का इस्तेमाल किया। अभी तक अमेरिकी पक्ष की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।