02:50 AM, 12-Apr-2022
रूसी सैनिकों ने बूका और अन्य जगहों पर यौन हिंसा की घटना को अंजाम दिया: यूक्रेन
यूक्रेन की मानवाधिकार लोकपाल ने कहा कि उसने बूका और अन्य जगहों पर रूसी सैनिकों द्वारा किए गए यौन हिंसा के भयानक कृत्यों को दर्ज किया है। इसमें एक मामला ऐसा भी है जिसमें महिलाओं और लड़कियों को 25 दिनों तक एक तहखाने में रखा गया था। लोकपाल ल्यूडमिला डेनिसोवा के अनुसार, उन पीड़ितों में से नौ अब गर्भवती हैं। डेनिसोवा ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग से "यूक्रेन में रूसी युद्ध अपराधों के इन तथ्यों को ध्यान में रखने" का आग्रह किया है।
02:03 AM, 12-Apr-2022
संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने यूक्रेन में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की जांच की मांग
संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष अधिकारियों ने कहा कि यूक्रेन में महिलाओं और बच्चों को अधिक सुरक्षा की आवश्यकता है। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने यूक्रेन पर आक्रमण के दौरान महिलाओं के खिलाफ हिंसा की जांच और यूक्रेनी बच्चों के लिए सुरक्षा बढ़ाने का भी आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र की महिला एजेंसी की निदेशक सीमा बहौस ने सोमवार को सुरक्षा परिषद के साथ बैठक के दौरान अपनी चिंताओं पर बात की।
01:29 AM, 12-Apr-2022
यूक्रेन से 4354 लोगों को निकाला गया
मानवीय गलियारों का उपयोग करके आज यूक्रेन से 4,354 लोगों को निकाला गया। देश भर के शहरों से निकासी की खबरों के बीच यूक्रेन के उपप्रधान मंत्री इरीना वीरेशचुक ने ऑनलाइन यह संख्या साझा किया।
12:56 AM, 12-Apr-2022
यूक्रेन ने रूस पर पत्रकारों सहित नागरिकों को रूसी जेलों में रखने का आरोप लगाया
यूक्रेन के अधिकारियों ने रूस पर पत्रकारों सहित नागरिकों को रूसी जेलों में रखने का आरोप लगाया है। यूक्रेन के उप प्रधानमंत्री इरीना वीरेशचुक ने एक टेलीविजन पर बयान में कहा कि कई नागरिकों को कैद किया जा रहा है। हमारे पास जानकारी है कि कई धार्मिक गुरुओं, पत्रकार, कार्यकर्ता, महापौर और सामान्य नागरिक जेलों में कैद हैं। इन्हें यूक्रेन के क्षेत्र में नहीं, बल्कि कुर्स्क, ब्रांस्क, रोस्तोव (रूस के क्षेत्रों) में जबरन पकड़ लिया गया है।
12:26 AM, 12-Apr-2022
रूसी सेना डोनबास क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित कर रही है: पेंटागन
पेंटागन का कहना है कि रूसी सेना डोनबास क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित कर रही है, लेकिन उसने अभी तक आक्रामक शुरुआत नहीं की है। पेंटागन के अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि रूसी सेना डोनबास के आसपास स्थिति मजबूत कर रही है, विशेष रूप से इजियम शहर के पास, लेकिन अभी तक पूर्वी यूक्रेन के इस विवादित क्षेत्र पर कब्जा करने के लिए एक आक्रामक अभियान शुरू नहीं किया है। पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने संवाददाताओं से कहा, "वे स्थान बदल रहे हैं, वे डोनबास पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।"
11:44 PM, 11-Apr-2022
भारत को रूस को लेकर अपनी राष्ट्रीय नीति स्पष्ट करनी चाहिए: पेंटागन
रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर नई दिल्ली की स्थिति पर पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन एफ किर्बी ने कहा कि, "भारत के साथ हमारी मजबूत रक्षा साझेदारी है और भारत इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भागीदार है। भारत को रूस को लेकर अपनी राष्ट्रीय नीति पर बोलने में सक्षम होना चाहिए।"
11:06 PM, 11-Apr-2022
यूक्रेन में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की स्वतंत्र जांच की मांग
संयुक्त राष्ट्र की महिलाओं की एजेंसी की निदेशक सीमा बहाउस ने यूक्रेन में रूस के हमले के दौरान महिलाओं के खिलाफ हुई हिंसा की रिपोर्ट्स की जांच करने की मांग की है। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की बैठक में बहाउस ने कहा कि यह युद्ध तत्काल रुकना चाहिए। हम लगातार दुष्कर्म और यौन हिंसा के बढ़ते मामलों के बारे में सुन रहे हैं। न्याय और जवाबदेही तय करने के लिए इन आरोपों की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए।
10:42 PM, 11-Apr-2022
खारकीव में आज भारी गोलाबारी, कई लोगों की मौत
खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोव ने कहा है कि शहर में आज भारी गोलाबारी हुई है। इसमें एक बच्चे समेत कई लोगों की जान जाने की खबर है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि यूक्रेन के सशस्त्र बल शहर की रक्षा कर रहे हैं।
10:14 PM, 11-Apr-2022
कीव पर हमला डोनाबास में लड़ाई पर निर्भर करेगा
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि कीव पर रूस के हमले की संभावना डोनाबास में लड़ाई पर निर्भर करेगी। मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के डिफेंस को उत्तर की ओर खींचने के लिए अपनी इकाइयों को बेलारूस के गोमेल और रूस के ब्रियांस्क व कुर्स्क क्षेत्र में तैनात रखी हैं।
09:56 PM, 11-Apr-2022
हमारा एस-300 एयर डिफेंस सिस्टम नष्ट नहीं हुआ: स्लोवाकिया
स्लोवाकिया ने सोमवार को इस बात से इनकार किया कि यूक्रेन के लिए भेजी गई उसके एस-300 एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम को रूस की सेना ने नष्ट कर दिया है। स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री एडुआर्ड हेगर की प्रवक्ता लुबिका जानिकोवा ने कहा कि मिसाइल प्रणाली के बारे में किया जा रहा यह दावा ठीक नहीं है। इससे पहले, रूसी सेना ने कहा था कि दिनीप्रो शहर के लिए एक पश्चिमी देश की ओर से भेजी गई वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली को हमने नष्ट कर दिया है। हालांकि, रूस ने किसी देश का नाम नहीं लिया था।