11:06 PM, 29-Mar-2022
रोमानिया कर रहा परमाणु हमले से बचने की तैयारी
यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध के चलते परमाणु आपातकाल की स्थिति बनने पर तैयारी के लिए नागरिकों को मुफ्त में पोटैशियम आयोडीन की टैबलेट वितरित करने का फैसला लिया है। देश के स्वास्थ्य मंत्री अलेक्जांद्रू रफीला ने कहा कि परमाणु हमला होने की संभावना कम है लेकिन यह संभव है।
10:52 PM, 29-Mar-2022
इस समय मारियुपोल में मानवीय अभियान संभव नहीं: फ्रांस
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके फ्रांसीसी समकक्ष इमैनुएल मैक्रों ने आज फोन पर बात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन में हालात पर चर्चा की। मैक्रों ने कहा कि यूक्रेन के मारियुपोल में अब इस स्थिति में मानवीय अभियान चलाना संभव नहीं है।
10:18 PM, 29-Mar-2022
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने यूक्रेन में संघर्ष विराम की अपील की
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने यूक्रेन में मानवीय संघर्ष विराम की संभावनाओं का पता लगाने के लिए एक पहल की है, ताकि अत्यंत आवश्यक सामग्री की आपूर्ति की जा सके और एक महीने से अधिक समय से जारी युद्ध को समाप्त करने के वास्ते राजनीतिक वार्ता के लिए मार्ग प्रशस्त किया जा सके।
10:02 PM, 29-Mar-2022
यूक्रेन में परमाणु प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर वार्ता करेंगे आईएईए प्रमुख
संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था के महानिदेशक यूक्रेन के परमाणु केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 'तत्काल तकनीकी सहायता' के उद्देश्य के साथ वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ वार्ता के लिए स्वीव पहुंचे हैं। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने कहा कि महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी का लक्ष्य यूक्रेन के परमाणु स्थलों के लिए त्वरित सुरक्षा और सहायता प्रदान करना है।
09:44 PM, 29-Mar-2022
आईटी कंपनियां यूक्रेन के लिए विश्वसनीय सूचना पर ध्यान दे रही हैं: पिचाई
गल और अल्फाबेट इंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने कहा है कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियां यूक्रेन पर रूस के हमले के बारे में विश्वसनीय सूचना उपलब्ध कराने और रूस के दुष्प्रचार को रोकने पर ध्यान दे रही हैं। पिचाई ने युद्ध ग्रस्त देश यूक्रेन के लोगों की मदद करने के लिए पोलैंड के प्रधानमंत्री मैतयुस्ज मोरावेस्की से मुलाकात की।
09:27 PM, 29-Mar-2022
रूस शांति वार्ता को लेकर गंभीर नहीं: ब्लिंकन
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है कि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि रूस यूक्रेन के साथ शांति वार्ता को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि रूस क्या कहता है और क्या करता है, इसमें अंतर है।
09:10 PM, 29-Mar-2022
आयरलैंड ने निकाले रूस के चार अधिकारी
आयरलैंड के विदेश मामलों के विभाग ने कहा है कि राजनयिक व्यवहार के अनुरूप गतिविधियां न करने के लिए चार रूसी अधिकारियों को निकाल दिया गया है। विभाग ने कहा कि इससे राजनयिक संबंध खुले रहेंहे और रूसी दूतावास को खुले रहने की अनुमति होगी।
08:51 PM, 29-Mar-2022
रूस ने शुरू की कीव से सैनिकों की वापसी
अमेरिका के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव से अपने बल को कुछ स्तर तक वापस बुलाना शुरू कर दिया है। वहीं, रूस ने कहा है कि कीव और चेर्नीहीव से सैनिकों को वापस बुलाने का मतलब युद्ध विराम नहीं है। उधर, ब्रिटेन ने भी कहा है कि उसने कीव के आस-पास रूसी बमबारी में कुछ कमी देखी है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा है कि हम पुतिन और उनके शासन को लेकर फैसला उनके कार्यों के आधार पर लेंगे न कि उनकी बातों के आधार पर।
08:34 PM, 29-Mar-2022
नाटो ने यूक्रेन को दिया शिखर सम्मलेन का न्योता
नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) ने छह और सात अप्रैल को होने वाले अपने शिखर सम्मेलन में यूक्रेन को आमंत्रित किया है। यह शिखर सम्मेलन ब्रसेल्स में आयोजित होगा। इसमें आमंत्रित किए गए अन्य गैर सदस्य देशों में जॉर्जिया, फिनलैंड, ऑस्ट्रेलिया, जापान, न्यूजीलैंड, जापान और कोरिया गणराज्य शामिल हैं।
08:05 PM, 29-Mar-2022
केवल युद्ध विराम समझौता होने से प्रतिबंध खत्म नहीं करेंगे: ब्रिटेन
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने आज यूक्रेन संकट को लेकर वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बैठक की। यहां उनहोंने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच केवल युद्ध विराम समझौता होना रूस के खिलाफ ब्रिटेन के प्रतिबंधों को समाप्त करने के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बढ़ाया जाना चाहिए। इसके लिए रूस पर और आर्थिक प्रतिबंध लगाने होंगे और यूक्रेन को सैन्य सहायता उपलब्ध करानी होगी।