फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

PM Modi NZ Visit Live: 'भारत की जीत पर न्यूजीलैंड में जश्न'; भारतीयों से संबोधन में पीएम मोदी ने और क्या कहा?

Sat, 11 Jul 2026 01:11 PM IST
अमन तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ऑकलैंड / वेलिंगटन
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ऑकलैंड / वेलिंगटन Published by: अमन तिवारी Updated Sat, 11 Jul 2026 01:11 PM IST
खास बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के आखिरी पड़ाव पर न्यूजीलैंड पहुंचे हैं। 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला न्यूजीलैंड दौरा है। पीएम की इस यात्रा के दौरान व्यापार, रक्षा और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर मुहर लग सकती है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पीएम मोदी के कार्यक्रमों से जुड़े तमाम अपडेट्स...

विज्ञापन
prime minister narendra modi new zealand visit live updates auckland christopher luxon indian community
न्यूजीलैंड दौरे पर पीएम मोदी - फोटो : यूट्यूब वीडियो@narendramodi / अमर उजाला ग्राफिक्स

लाइव अपडेट

02:08 PM, 11-Jul-2026

भारत माता की जय के साथ संबोधन का समापन

भारतीय समुदाय  के लोगों को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी ने वहां मौजूद लोगों के साथ ही न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री और वहां के नेताओं को कार्यक्रम में आने के लिए धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने वहां मौजूद लोगों से 'भारत माता की जय' का नारा लगवाने के साथ ही वंदे भारत बोलकर अपने संबोधन को खत्म किया। 
02:07 PM, 11-Jul-2026

माओरी समुदाय का भी पीएम मोदी ने किया जिक्र

भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच एक बड़ी समानता दोनों देशों की स्वदेशी संस्कृतियों का सम्मान और संरक्षण है। उन्होंने विशेष रूप से माओरी समुदाय का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 'हाका' को केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में नहीं देखा, बल्कि उसमें पूरे समुदाय की आत्मा, साहस, स्वाभिमान, पूर्वजों के प्रति सम्मान और सामूहिक शक्ति की भावना को महसूस किया। प्रधानमंत्री मोदी ने माओरी संस्कृति के 'मनाआकितांगा' शब्द का जिक्र करते हुए बताया कि इसका अर्थ है सम्मान देना, अपनापन महसूस कराना और पूरे मन से किसी की देखभाल करना। उन्होंने कहा कि भारत में भी 'अतिथि देवो भव:' की परंपरा इसी भावना को व्यक्त करती है। मोदी ने कहा कि दोनों देशों के शब्द, भाषा, पहनावा और परिवेश भले अलग हों, लेकिन उनके मूल संस्कार और सांस्कृतिक मूल्य एक जैसे हैं। 
विज्ञापन
02:03 PM, 11-Jul-2026

 चंद्रयान के लैंडिंग पर न्यूजीलैंड में भी जश्न मनाया गया था

भारत की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब भारत के चंद्रयान ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की थी, तब पूरे न्यूजीलैंड ने भी उस उपलब्धि का जश्न मनाया था। इस मिशन की सफलता में न्यूजीलैंड की तकनीक का भी योगदान रहा और वहां की एक अंतरिक्ष कंपनी ने भारत के साथ कई परियोजनाओं में सहयोग किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश अब अंतरिक्ष क्षेत्र में इस साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता (FTA) दोनों देशों के कारोबार को नई गति देगा और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में इस साझेदारी को और मजबूत बनाएगा।
02:01 PM, 11-Jul-2026

भारत को न्यूजीलैंड के रग्बी कोचों की जरूरत 

संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत रग्बी के क्षेत्र में न्यूजीलैंड से सीखना चाहता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए भारत को अनुभवी कोचों और विशेषज्ञों की जरूरत है, जिसमें न्यूजीलैंड महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। प्रधानमंत्री ने हाल ही में भुवनेश्वर में न्यूजीलैंड रग्बी और रग्बी इंडिया के संयुक्त कोचिंग कार्यक्रम को दोनों देशों के खेल सहयोग की शानदार शुरुआत बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और न्यूजीलैंड स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी मिलकर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। मोदी ने कहा कि दोनों देशों का भविष्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है और खेल सहयोग इस साझेदारी को नई मजबूती देगा। 
01:55 PM, 11-Jul-2026

संबोधन में मेजर ध्यानचंद का जिक्र

भारतीयों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष भारत और न्यूजीलैंड के खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक सदी पहले भारतीय हॉकी टीम न्यूजीलैंड दौरे पर आई थी और उस दौरान मेजर ध्यानचंद के शानदार खेल की पूरे देश में चर्चा हुई थी। उनकी अद्भुत हॉकी प्रतिभा ने न्यूजीलैंड के लोगों का भी दिल जीत लिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दौर सहयोग का है और भारत तथा न्यूजीलैंड खेलों के क्षेत्र में भी मिलकर नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
01:52 PM, 11-Jul-2026

न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के लोगों को सर्वोच्च स्थान मिला

पीएम मोदी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि न्यूजीलैंड ऐसा देश है, जहां भारतीय मूल के लोगों को अपनी प्रतिभा के दम पर सर्वोच्च स्थान हासिल करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि निखिल रविशंकर एयर न्यूजीलैंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बने, आनंद सत्यानंद गवर्नर-जनरल के पद तक पहुंचे, वहीं रचिन रवींद्र, ईश सोढ़ी और एजाज पटेल जैसे खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम में अपनी अलग पहचान बनाई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों की गहराई का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि न्यूजीलैंड में कई सड़कों और स्थानों के नाम भारतीय शहरों और स्थानों पर रखे गए हैं। उन्होंने खंडाला, बॉम्बे हिल्स, कोरोमंडल, कलकत्ता स्ट्रीट, दिल्ली क्रिसेंट और अमृतसर स्ट्रीट जैसे नामों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जुड़ाव के प्रतीक हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
01:45 PM, 11-Jul-2026

भारत-न्यूजीलैंड की 'वाका' एक नई यात्रा के लिए तैयार

ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्ते केवल कूटनीतिक संबंध नहीं, बल्कि साझा यादों, दोस्ती, मूल्यों और आपसी प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि इन संबंधों को न्यूजीलैंड की एक खूबसूरत परंपरा 'वाका'से बेहतर तरीके से समझा जा सकता है। मोदी ने बताया कि सदियों से 'वाका' यहां के लोगों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है। यह केवल एक डोंगी (कैनो) का नाम नहीं, बल्कि साझा यात्रा और साथ मिलकर आगे बढ़ने का प्रतीक है। अब भारत-न्यूजीलैंड की 'वाका' एक नई यात्रा के लिए तैयार है। हमारे सामने अपार संभावनाएं हैं और परिस्थितियां भी इस साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के अनुकूल हैं।
01:43 PM, 11-Jul-2026

पीएम लक्सन भारतीयों के बीच 'सुपरहिट'

पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की सराहना करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह भारतीय समुदाय के बीच 'सुपरहिट' हैं और एक तरह से लोगों के दिलों की धड़कन बन चुके हैं। भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्रिस्टोफर लक्सन और विपक्ष के नेता क्रिस हिपकिंस का 'मस्त कलंदर' गीत पर किया गया डांस सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस प्रस्तुति के जरिए लक्सन ने भारतीयों के दिलों में एक खास जगह बना ली है।
01:39 PM, 11-Jul-2026

पीएम ने अपनी पुरानी यात्रा का किया जिक्र

भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में यह उनकी पहली यात्रा है, लेकिन करीब 25-30 वर्ष पहले, जब वह न तो किसी सरकार का हिस्सा थे और न ही सार्वजनिक जीवन में उन्हें लोग जानते थे, तब उन्हें पहली बार न्यूजीलैंड आने का अवसर मिला था। मोदी ने बताया कि उस यात्रा के दौरान एक न्यूजीलैंडवासी ने उन्हें एक मफलर, एक टोपी और एक जोड़ी दस्ताने उपहार में दिए थे। उन्होंने कहा कि आज वह उन्हीं उपहारों में से एक मफलर पहनकर कार्यक्रम में आए हैं। वह वर्षों तक इस मफलर का इस्तेमाल किया और आज भी उसे उसी स्नेह से संभालकर रखा है, जैसे वह न्यूजीलैंड के लोगों के प्यार और अपनापन को संजोकर रखते हैं।
01:35 PM, 11-Jul-2026

यात्रा की सफलता पर पूरा भरोसा

ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस साझेदारी की सफलता पर पूरा विश्वास है। हालांकि उन्होंने इसकी सफलता का श्रेय खुद को देने से इनकार करते हुए कहा कि मुझे इस यात्रा की सफलता पर पूरा भरोसा है। यह मोदी की वजह से नहीं, बल्कि आप सभी की वजह से संभव है। आप ही इस यात्रा के सच्चे मार्गदर्शक हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड में रह रहा भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed