08:37 PM, 04-Apr-2022
पाकिस्तान के केएसई-100 इंडेक्स में 1250 अंकों की गिरावट
पाकिस्तान के स्टॉक एक्सचेंज (पीएसएक्स) के बेंचमार्च केएसई-100 इंडेक्स में सोमवार को 1250.07 अंकों की गिरावट आई। संसद भंग करने का फैसला आने के बाद पाकिस्तानी रुपये की कीमत में भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरावट आई है। सोमवार को बाजार खुलने के साथ ही 700 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई थी।
05:41 PM, 04-Apr-2022
कार्यवाहक पीएम के लिए पूर्व मुख्य न्यायाधीश के नाम की सिफारिश
इमरान खान ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश गुलजार अहमद को कार्यवाहक प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया है।
04:41 PM, 04-Apr-2022
'देशद्रोहियों' के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे इमरान
इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने कहा है कि प्रधानमंत्री उन देशद्रोहियों के खिलाफ एक प्रदर्शन करेंगे जो विदेशी साजिश का हिस्सा हैं।
04:33 PM, 04-Apr-2022
कार्यवाहक पीएम की नियुक्ति होने तक इमरान ही संभालेंगे पद
राष्ट्रपति आरिफ अल्वी की ओर से जारी एक नोटिफिकेशन के अनुसार इमरान खान कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति होने तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने रहेंगे।
04:12 PM, 04-Apr-2022
मंगलवार दोपहर साढ़े 12 बजे होगी सुनवाई
पाकिस्तान में जारी सियासी संकट को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज भी फैसला नहीं हो सका। कोर्ट ने मामले की सुनवाई कल यानी मंगलवार दोपहर 12.30 बजे होगी। कोर्ट ने कहा कि यह संविधान से जुड़ा मामला है, इसलिए जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं दे सकते।
03:47 PM, 04-Apr-2022
शहबाज शरीफ ने उठाए इमरान के दावे पर सवाल
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेता शहबाज शरीफ ने इमरान खान के उस दावे पर सवाल उठाए हैं जिसमें उन्होंने अमेरिका से खतरा होने की बात कही है। शरीफ ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव आठ मार्च को जमा किया गया था और अगर कोई खतरा था तो इसे 24 मार्च से पहले क्यों नहीं उठाया गया। शरीफ ने इमरान खान पर पाकिस्तान में सिविल मार्शल लॉ लगाने का आरोप भी लगाया।
03:39 PM, 04-Apr-2022
तार्किक आदेश जारी किया जाएगा: मुख्य न्यायाधीश
पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश उमर अता बांदियाल ने कहा है कि वर्तमान राजनीतिक स्थिति की वैधता पर तार्किक आदेश जारी किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने और उनकी सलाह पर राष्ट्रपति की ओर से संसद भंग किए जाने के फैसले के खिलाफ मामले में सुनवाई कर रही है।
03:32 PM, 04-Apr-2022
सुप्रीम कोर्ट के बाहर जुटी भारी भीड़
सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि स्पीकर के पास संसद भंग के आदेश को निरस्त करने का विवेक है। इस बीच सुनवाई को लेकर लोगों के बीच इतनी उत्सुकता है कि सुप्रीम कोर्ट के बाहर भारी भीड़ जुटी हुई है।
03:18 PM, 04-Apr-2022
इमरान ने बुलाई संसदीय बोर्ड की बैठक
प्रधानमंत्री इमरान खान ने मंगलवार (कल) को पीटीआई संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई है। मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के मुताबिक, वह संसदीय बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जो अगले चुनाव में टिकट बंटवारे पर विचार करेगा।
02:41 PM, 04-Apr-2022
संसद में जो कुछ हुआ उसकी समीक्षा जरूरी- कोर्ट
पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि, संसद में जो कुछ भी हुआ उसकी समीक्षा जरूरी है। दरअसल, संसद ने रविवार को इमरान खान के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।