08:22 AM, 19-Nov-2026
ट्रंप बोले- शी जिनपिंग और पुतिन के साथ शिखर बैठक आयोजन से पहले ही एक जीत
एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बृहस्पतिवार को होने वाली उनकी बैठक आयोजन से पहले ही एक 'जीत' है। इस दौरान चीन ने ट्रंप का गर्मजोशी से स्वागत किया।
फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने चीन में अपने स्वागत के लिए किए गए भव्य इंतजामों की तारीफ की। शी जिनपिंग ने हवाई अड्डे पर पहुंचकर ट्रंप का स्वागत किया। राष्ट्रपति बनने के बाद यह पहली बार है, जब उन्होंने किसी विदेशी नेता की अगवानी के लिए हवाई अड्डे का दौरा किया है।
ट्रंप ने तीनों नेताओं की इस अहम मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, "यह एक महान राष्ट्रपति हैं, चीन के महान राष्ट्रपतियों में से एक हैं। उन्होंने राष्ट्रपति बनने के बाद कभी किसी से मिलने के लिए हवाई अड्डे का दौरा नहीं किया।"
उन्होंने आगे कहा, "इसके अलावा स्वागत के लिए की गई भव्य तैयारियां, खूबसूरती, शानदार आयोजन, हजारों लोगों की मौजूदगी, छोटे बच्चे, सैनिक और पूरा समारोह। यह बहुत सम्मान की बात थी और मैं इसकी सराहना करता हूं। यह हमारे लिए बड़ी जीत है। चीन के लिए भी यह बड़ी जीत है।"
08:20 AM, 19-Nov-2026
शी जिनपिंग ने सम्मेलन की शुरुआत में दिया उद्घाटन भाषण
शी जिनपिंग ने सम्मेलन की शुरुआत में उद्घाटन भाषण दिया। इस दौरान एशिया-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक सहयोग, व्यापार और साझा विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और प्रमुख देशों के बीच बढ़ते आर्थिक और रणनीतिक तनाव के बीच इस बैठक को अहम माना जा रहा है।
08:06 AM, 19-Nov-2026
एपेक समिट LIVE: अमेरिका-चीन और रूस एक मंच पर, ट्रंप बोले- जिनपिंग-पुतिन के साथ बैठक अपने आप में एक जीत
चीन के शेनझेन में 33वें एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन में दुनिया के प्रमुख नेता जुटे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष इस सम्मेलन के लिए पहुंचे हैं। सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने शी जिनपिंग से मुलाकात की, वहीं पुतिन ने भी चीनी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। इसके अलावा तीनों नेताओं समेत अन्य देशों के प्रमुखों ने सम्मेलन में सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।